धार्मिक युद्ध भड़काने के लिए सुप्रीम कोर्ट जिम्मेदार- निशिकांत दुबे का तीखा हमला

नई दिल्ली। वक्फ संशोधन अधिनियम 2025 को लेकर चल रही सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई के बीच भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे ने न्यायपालिका पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना को देश में चल रहे कथित “धार्मिक गृहयुद्धों” का जिम्मेदार ठहराया है।

Apr 19, 2025 - 22:26
 0
धार्मिक युद्ध भड़काने के लिए सुप्रीम कोर्ट जिम्मेदार- निशिकांत दुबे का तीखा हमला

दुबे ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा, अगर कानून बनाना सुप्रीम कोर्ट का ही काम है, तो फिर संसद और विधानसभा को बंद कर देना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट अब संविधान के अनुच्छेद 368 की अनदेखी कर रहा है और खुद कानून बना रहा है।

न्यायपालिका पर सवाल

दुबे ने कहा कि अनुच्छेद 141 सुप्रीम कोर्ट के फैसलों को बाध्यकारी बनाता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि अदालत संसद के अधिकार क्षेत्र में हस्तक्षेप करे। उन्होंने आरोप लगाया कि अदालत की कार्यशैली अब ‘चेहरा देखकर फैसला’ करने जैसी हो गई है।

मुख्य न्यायाधीश पर सीधा निशाना

बीजेपी सांसद ने कहा, “भारत के मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना इस देश में हो रहे सभी धार्मिक टकरावों के लिए जिम्मेदार हैं। चाहे वह राम मंदिर का मुद्दा हो, ज्ञानवापी हो या कृष्ण जन्मभूमि, सुप्रीम कोर्ट प्रमाण मांगती है, लेकिन ऐतिहासिक तथ्यों को नजरअंदाज कर रही है।

विधायी प्रक्रिया पर टिप्पणी

दुबे ने यह भी सवाल उठाया कि सुप्रीम कोर्ट राष्ट्रपति और राज्यपाल को विधेयकों पर निर्णय लेने का निर्देश कैसे दे सकती है। आप राष्ट्रपति से कह रहे हैं कि वे तीन महीने में फैसला लें। किस कानून में यह लिखा है? क्या आप देश में अराजकता लाना चाहते हैं? उन्होंने कहा कि संसद के आगामी सत्र में इस विषय पर विस्तृत चर्चा होगी।

SP_Singh AURGURU Editor