आगरा एयरपोर्ट पर एमपी के सीएम और यूपी के दोनों डिप्टी सीएम की अचानक मुलाकात
आगरा। आगरा के खेरिया सिविल एयरपोर्ट पर आज ऐसा संयोग बना कि बगैर किसी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॊ. मोहन यादव और उत्तर प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक की शिष्टाचार मुलाकात हो गई। इस दौरान खेरागढ़ के विधायक भगवान सिंह कुशवाह भी मौजूद रहे।
हुआ यह कि डॊ. मोहन यादव आज किरावली के तहसील के बाकंदा गांव में संघ प्रचारक ओम प्रकाश सिसौदिया के पिताजी के निधन पर शोक संवेदना प्रकट करने के लिए आगरा आये हुए थे। जिस समय डॊ. मोहन यादव का प्लेन खेरिया हवाई अड्डे पर उतरा, ठीक उसी समय यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक लखनऊ रवाना होने के लिए यूपी सरकार के स्टेट प्लेन में सवार हो चुके थे। यूपी सरकार का प्लेन टेक ऒफ कर पाता, इससे पहले ही डॊ. मोहन यादव का प्लेन लैंड कर चुका था।
यूपी के दोनों उप मुख्यमंत्रियों को जब डॊ. मोहन यादव के हवाई अड्डे पर उतरने की जानकारी मिली तो वे अपने प्लेन से बाहर आए और बुके देकर उनका स्वागत किया। यूपी के दोनों उप मुख्यमंत्रियों को यकायक अपने सामने देखकर डॊ. मोहन यादव भी हैरान थे। कुछ समय की बातचीत के बाद सभी अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गये। बाद में डॊ. मोहन यादव ने अचानक हुई इस मुलाकात का फोटो एक्स पर शेयर कर आत्मीय स्वागत के लिए दोनों उप मुख्यमंत्रियों का आभार जताया।
यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बीते कल से ही आगरा में थे। आज उन्हें आगरा से लखनऊ के लिए रवाना होना था। उधर दूसरे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक बरेली के दौरे पर थे। बृजेश पाठक को लखनऊ प्रस्थान करना था। बृजेश पाठक बरेली से आगरा पहुंच गये थे ताकि केशव मौर्य के साथ ही राज्य सरकार के विमान से लखनऊ रवाना हो सकें।
दोनों उप मुख्यमंत्रियों के साथ आगरा के खेरागढ़ के विधायक भगवान सिंह कुशवाह भी लखनऊ जा रहे थे।