गौ कथा की रसवर्षा से सराबोर सूरसदनः ‘भारत को गौ लोक बना दो’ का गूंजा संदेश

आगरा। सूरसदन प्रेक्षागृह इन दिनों गौ महिमा महोत्सव की अमृतधारा से सराबोर है। गौ महिमा महोत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय गौ कथा में श्रद्धालु भक्तिभाव में डूबे हैं। महोत्सव के चतुर्थ दिवस गुरुवार को शिवभक्तों ने पार्थिव शिवलिंग बनाकर विधिपूर्वक अभिषेक किया।

Jul 17, 2025 - 20:08
 0
गौ कथा की रसवर्षा से सराबोर सूरसदनः ‘भारत को गौ लोक बना दो’ का गूंजा संदेश
सूरसदन में गौ महिमा महोत्सव में गुरुवार को प्रवचन देते रसराज महाराज। मौजूद श्रद्धालुजन।

-शिव महापुराण संग गौ महिमा का चतुर्थ दिवस श्रद्धा व चेतना से भरा रहा, चित्र विचित्र महाराज की भजन संध्या 18 जुलाई को

रसराज महाराज का प्रवचन: गौ माता यज्ञ कराती भी हैं, करती भी हैं

शिव महापुराण और गौ कथा के रससिंचनकर्ता रसराज महाराज ने बताया कि गौ माता वेद लक्षणा है, जो केवल पोषक नहीं, बल्कि समस्त सृष्टि के कल्याण की साधिका हैं। उन्होंने कहा कि थाली में गव्य पदार्थों को शामिल कर हर दिन एक चम्मच देसी घी का सेवन करें, यह आत्मशुद्धि और स्वास्थ्य का मार्ग है।

भगवान शिव को गौमय भस्म प्रिय, गूगल-कपूर से धूप देने पर लक्ष्मी स्थायी

रसराज महाराज ने कथा में बताया कि भगवान शिव को 16 उपचारों में ‘गौमय भस्म’ सर्वाधिक प्रिय है। जो भक्त तुलसी, लौंग, गूगल, कपूर और केसर से निर्मित धूप अर्पण करते हैं, उनके यहां धन-संपदा की कभी कमी नहीं होती। उन्होंने कहा, भारत को गौ लोक बना दो, जन-जन का दुख दूर भगा दो, यह नारा केवल भजन नहीं, संकल्प है।

भजन वचनों से भक्त भावविभोर

महोत्सव में साध्वी निष्ठा गोपाल सरस्वती ने पंचगव्य सेवन के लाभ बताए। हनुमान दास बाबा के आशीर्वचन से सभा भावविभोर हो उठी। गौ वैज्ञानिक डॉ. शुचि वर्मा ने हर घर गाय रखने को स्वास्थ्य और आर्थिकी के लिए अनिवार्य बताया।

श्रद्धालुजनों ने उतारी गौ आरती

गोपेश कृष्ण दास, महेश उपाध्याय, मुरारी लाल गोयल, कुंदनिका शर्मा, ऋषि उपाध्याय, एडवोकेट रामदेव तिवारी सहित दर्जनों श्रद्धालुओं ने आरती में सहभागिता की। भक्तों का उत्साह जनसैलाब में परिलक्षित हुआ।

आज आएंगे चित्र विचित्र महाराज

कार्यक्रम के संयोजक पार्षद मुरारी लाल गोयल व कुंदनिका शर्मा ने बताया कि 18 जुलाई शुक्रवार शाम 4:00 बजे से 8:00 बजे तक सुप्रसिद्ध भजन गायक चित्र विचित्र महाराज की भजन संध्या होगी। साथ में शिव महापुराण और गौ कथा का रसपान भी श्रद्धालु कर सकेंगे।

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor