टी20 मैच से पहले पाक खिलाड़ियों से हाथ मिलाने को लेकर सूर्य कुमार यादव बोले- 24 घंटे इंतजार करें
एशिया कप 2025 से ही टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाना बंद कर दिया था। जिसके बाद अब टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक बड़ा बयान दिया है।
कोलंबो। भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को होने वाले हाई-वोल्टेज टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले से पहले दोनों देशों के बीच 'हैंडशेक' (हाथ मिलाने) के मुद्दे ने तूल पकड़ लिया है। पिछले साल दुबई में हुए एशिया कप के बाद से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाना बंद कर दिया है। अब कोलंबो में होने वाले मैच से पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इस सस्पेंस को और बढ़ा दिया है।
पहलगाम घटना और उसके बाद भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा किए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद से दोनों टीमों के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। जब प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्या से पूछा गया कि क्या वह कल टॉस के समय या मैच के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाएंगे, तो उन्होंने बड़े ही बेबाक अंदाज में कहा, '24 घंटे इंतजार करें। हम यहां क्रिकेट खेलने आए हैं। अच्छा खाना खाएं और अच्छी नींद लें।'
पिछले साल सितंबर में दुबई में हुए एशिया कप के दौरान भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सभी तीन मैच जीते थे, लेकिन खेल से ज्यादा चर्चा विवादों की रही। भारतीय टीम ने न केवल पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से परहेज किया बल्कि पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से भी मना कर दिया था क्योंकि वह पाकिस्तान सरकार में मंत्री भी हैं।
पाकिस्तान के कप्तान का रुख
दूसरी ओर, पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने भी इस मुद्दे पर पत्ता नहीं खोला है। जब उनसे पूछा गया कि क्या उनकी टीम हाथ मिलाने के लिए तैयार है, तो उन्होंने बस इतना कहा, 'हम कल (रविवार) देखेंगे।' इसके साथ ही सलमान अली आगा ने कहा कि उनकी टीम चाहती है अभिषेक शर्मा खेलें। इस पर टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक बड़ा बयान दिया है।
भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार, 15 फरवरी को होने वाले हाई-वोल्टेज टी20 वर्ल्ड कप मैच से पहले भारतीय फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। टीम इंडिया के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा , जो बीमारी के कारण पिछले मैच से बाहर थे, अब पूरी तरह फिट नजर आ रहे हैं और पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरने के लिए तैयार हैं।
अभिषेक शर्मा पेट में संक्रमण के कारण नामीबिया के खिलाफ पिछला मैच नहीं खेल पाए थे। उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उन्हें मैच से ठीक एक दिन पहले छुट्टी मिली थी। इस बीमारी के दौरान उनका वजन लगभग 2 किलो कम हो गया है, लेकिन उनकी रिकवरी शानदार रही है। इससे पहले उन्होंने बुखार के बावजूद अमेरिका के खिलाफ मैच खेला था।
दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने खुद अभिषेक शर्मा के खेलने की इच्छा जताई थी। आगा ने कहा था, 'मैं वास्तव में आशा करता हूँ कि वह (अभिषेक) कल खेलें, क्योंकि हम भारत की सबसे मजबूत टीम के खिलाफ खेलना चाहते हैं। उम्मीद है कि वह तेजी से रिकवर कर रहे होंगे।'
जब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को पाकिस्तानी कप्तान के इस बयान के बारे में बताया गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए चुटकी ली और कहा, 'अगर पाकिस्तान चाहता है कि अभिषेक शर्मा खेलें, तो वह खेलेंगे।'
मैच के दिन अभिषेक की फिटनेस पर अंतिम फैसला लिया जाएगा, लेकिन उनके खेलने की संभावना प्रबल है। अगर वह प्लेइंग इलेवन में आते हैं तो संजू सैमसन को बाहर बैठना पड़ सकता है। अभिषेक शर्मा वर्तमान में टी20 रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज हैं। स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ उनका आक्रामक खेल पाकिस्तान के लिए बड़ी मुसीबत बन सकता है।