रन विद लव’ के रंग में दौड़ेगी ताजनगरी, 14 फरवरी को होगा आगरा ताज हाफ मैराथन का आयोजन

आगरा में खेल और फिटनेस के सबसे बड़े आयोजनों में शामिल आगरा ताज हाफ मैराथन के चतुर्थ संस्करण की औपचारिक लॉन्चिंग हो गई है। 14 फरवरी 2027 को एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम से मैराथन का शुभारंभ होगा। AIMS से प्रमाणित इस मैराथन में 21, 10 और 5 किलोमीटर की रेस होंगी। देश-विदेश से हजारों धावकों के शामिल होने की उम्मीद है। ‘रन विद लव’, ‘रन फॉर समवन’ और ‘रन विद समवन’ जैसे संदेशों के साथ आयोजन के जरिए स्वास्थ्य, फिटनेस, खेल संस्कृति और प्रेम का संदेश दिया जाएगा।

Oct 4, 2026 - 18:32
 0
रन विद लव’ के रंग में दौड़ेगी ताजनगरी, 14 फरवरी को होगा आगरा ताज हाफ मैराथन का आयोजन
आगरा ताज ऑफ मैराथन के चतुर्थ संस्करण की फतेहाबाद रोड स्थित होटल ग्रैंड मर्क्यूर में लॉन्चिंग सेरेमनी के समय मौजूद आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन के पदाधिकारी।

एआईएमएस से प्रमाणित मैराथन में देश-विदेश के हजारों धावक लेंगे हिस्सा, ताज की धरोहर के बीच 21, 10 और 5 किमी की रेस

आगरा। उठो.. जागो.. दौड़ो.. के नारे के साथ ताजनगरी एक बार फिर अपने सबसे बड़े खेल महाकुंभ के लिए तैयार है। शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा एसोसिएशन ऑफ इंटरनेशनल मैराथन एंड डिस्टेंस रेसेज (एआईएमएस) के सहयोग से आगरा ताज हाफ मैराथन के चतुर्थ संस्करण का आयोजन 14 फरवरी, 2027 को किया जाएगा। मैराथन का शुभारंभ एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम, आगरा से होगा। रविवार को फतेहाबाद रोड स्थित होटल ग्रैंड मर्क्योर में आयोजन समिति द्वारा संगीत की मधुर धुनों के साथ एक स्क्रीन पर आगरा ताज हॉफ मैराथन का रन विद लव लोगो प्रदर्शित कर मैराथन के चतुर्थ संस्करण की औपचारिक लॉन्चिंग की गई। 
  
इससे पूर्व मुख्य अतिथि नेशनल लेवल गोल्ड मेडलिस्ट पिस्टल शूटर एवं कंसलटेंट यूरोलौजिस्ट डॉ. अरुण तिवारी, विशिष्ट अतिथि एसीपी अमित कुमार और खेलगाँव के निदेशक सिद्धार्थ गुप्ता ने दीप जलाकर लांचिंग ईवेंट का शुभारम्भ किया। रोटेरियन आरती मेहरोत्रा और संकल्प वशिष्ठ ने संचालन किया।

एआईएमएस से प्रमाणित है आगरा की मैराथन

आगरा स्पोर्ट्स फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. विकास मित्तल और आयोजन समिति के अध्यक्ष महेश सारस्वत ने बताया कि आगरा के लिए यह गर्व का विषय है कि आगरा ताज हाफ मैराथन की सभी रेस श्रेणियाँ एआईएमएस द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित हैं। इससे आगरा का नाम वैश्विक मैराथन मानचित्र पर दर्ज हो गया है। एआईएमएस सर्टिफिकेशन के बाद अब यहाँ धावकों का रिकॉर्ड और समय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्य होगा और वे विश्व स्तरीय मैराथन के लिए क्वालीफाई भी कर सकेंगे। इससे शहर में फिटनेस, खेल संस्कृति और पर्यटन को नया बढ़ावा मिलेगा।

ताज की धरोहर के बीच से गुजरेगा रूट

आगरा स्पोर्ट्स फेडरेशन के उपाध्यक्ष डॉ. संजय गुप्ता और संदीप ढल ने बताया कि इस भव्य आयोजन में देश-विदेश से हजारों धावक हिस्सा लेंगे, जिसमें प्रोफेशनल एथलीट्स, फिटनेस प्रेमी, कॉर्पोरेट टीमें, छात्र-छात्राएँ और बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल होंगे। मैराथन में तीन श्रेणियाँ - 21 किमी, 10 किमी और 5 किमी होंगी, जिनका रूट आगरा की ऐतिहासिक धरोहर और संस्कृति की झलक पेश करेगा। आयोजन सचिव डॉ. दिनेश राठौर ने कहा कि वह नजारा अद्भुत होगा जब  'रन विद लव' की टैगलाइन और 'रन फॉर समवन' तथा 'रन विद समवन' जैसे प्रेम भरे संदेशों के साथ धावक दौड़ रहे होंगे और सारी दुनिया को प्रेम का संदेश देने वाली ऐतिहासिक इमारत ताजमहल रूट पर होगी।   

05 वर्ष से अधिक किसी भी उम्र के लोग ले सकते हैं हिस्सा

आयोजन समिति के उपाध्यक्ष प्रदीप यादव ने बताया कि मैराथन के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 05 वर्ष से अधिक किसी भी उम्र का कोई भी व्यक्ति इसमें भाग ले सकता है। इच्छुक प्रतिभागी www.agrasportsfoundation.com अथवा www.athm.in पर पंजीकरण करा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 8126640855 पर संपर्क किया जा सकता है।

प्रोमो रेस का होगा आयोजन 

आयोजन समिति के संयुक्त सचिव गोपाल शर्मा एवं इवेंट कोऑर्डिनेटर संकल्प वशिष्ठ ने बताया कि मुख्य मैराथन से पूर्व तीन प्रोमो रेस का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य नए धावकों को मानसिक रूप से तैयार करना है। 01 नवम्बर, 2026 को दयालबाग स्थित खेल गाँव से पहली प्रोमो रेस सुबह 6:00 बजे शुरू होगी। मुख्य मैराथन के लिए पंजीकृत सभी प्रतिभागियों को प्रोमो रेस से पूर्व टी-शर्ट प्रदान की जाएगी।

स्वास्थ्य जागरूकता के साथ सामाजिक संदेश भी

आगरा स्पोर्ट्स फेडरेशन के ट्रेजरर आवेग मित्तल ने बताया कि आयोजन के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता, युवाओं व महिलाओं की सहभागिता जैसे सामाजिक संदेशों पर विशेष फोकस रहेगा। धावकों के लिए हाइड्रेशन प्वाइंट और मेडिकल सपोर्ट की पूरी व्यवस्था रहेगी। रूट पर सांस्कृतिक और उत्साहवर्धक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। इस दौरान डॉ. एन एस लोधी, डॉ. रचना अग्रवाल, डॉ. वर्षा गुप्ता, डॉ. सपना गोयल, जय यादव, परमजीत सिंह, सर्वेश कश्यप, गौरव गोयल भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।