दुबई वर्ल्ड कप में चमकेगी ताजनगरी की प्राची पचौरी, रोल बॉल चैंपियन का हुआ भव्य सम्मान
आगरा की होनहार खिलाड़ी प्राची पचौरी जल्द ही अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का तिरंगा लहराने निकलेंगी। 7वें रोल बॉल वर्ल्ड कप 2025 के लिए चयनित प्राची का सम्मान समारोह रविवार को शहर में आयोजित हुआ। आगामी 14 से 18 दिसंबर तक दुबई में होने वाले इस विश्व कप में प्राची भारत की महिला टीम का हिस्सा होंगी। इससे पहले वे पुणे में एक माह का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी।
आगरा। रोल बॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से रविवार को समारोह का आयोजन कर शहर की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्राची पचौरी को सम्मानित किया गया। एसोसिएशन के सचिव अजय कुमार सैनी ने बताया कि प्राची का चयन 7वें रोल बॉल वर्ल्ड कप 2025 के लिए हुआ है, जो 14 से 18 दिसंबर तक दुबई में आयोजित किया जाएगा। इससे पहले सभी चयनित खिलाड़ियों को पुणे में एक माह का गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक अमित अग्रवाल ने कहा कि प्राची ने खेल और शिक्षा दोनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। हाई स्कूल और इंटरमीडिएट में 95% अंकों के साथ सफलता हासिल करने वाली प्राची अब तक 6 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में जीत चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यह ताज नगरी के लिए गर्व का क्षण है, जब उसकी बेटी वैश्विक मंच पर देश का नाम रोशन करने जा रही है।
खिलाड़ी प्राची पचौरी ने कहा कि भारत की महिला रोल बॉल टीम में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, केरल, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, असम और हरियाणा की कुल 15 खिलाड़ी शामिल की गई हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय कोच सुमित पाराशर, शिक्षिका मेघ चतुर्वेदी, हिमांशु बराल और अपने माता-पिता दिग्विजय पचौरी व साधना पचौरी को दिया।
उन्होंने कहा कि मेरा सपना है कि भारत इस बार वर्ल्ड कप अपने नाम करे। मैं पूरी लगन और समर्पण के साथ खेलूंगी ताकि ताजनगरी का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन हो।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष रवीन्द्र कपिल, राम अग्रवाल, पृथ्वी सिंह चाहर, मनोज पाठक, विशाल शर्मा, राजेश बघेल, पूर्णिमा सिसोदिया, अंकिता सिंह और अर्पित रावत सहित अनेक खेलप्रेमी मौजूद रहे।