ताजमहल में विश्व सौंदर्य का संगमः 23 देशों की सुंदरियां, बोलीं – यह प्रेम और कला का अद्भुत नमूना
आगरा। विश्व की 23 देशों की मिस टीन यूनिवर्स 2025 प्रतियोगिता की फाइनलिस्ट बुधवार को प्रेम के प्रतीक ताजमहल के दीदार को पहुंचीं। सफेद संगमरमर की इस अनुपम धरोहर को देखते ही सभी सुंदरियों के मुंह से एक ही आवाज निकली— “इट्स ब्यूटीफुल... प्रकृति का बेमिसाल नमूना!” दुनिया भर से आईं इन प्रतिभागियों ने कहा कि ताजमहल वास्तव में प्रेम, कला और वास्तुकला का ऐसा चमत्कार है, जिसे जीवन में एक बार अवश्य देखना चाहिए।
भारत में हो रहा है मिस टीन यूनिवर्स 2025 का आयोजन

मिस टीन यूनिवर्स विश्व की सबसे प्रतिष्ठित किशोर सौंदर्य प्रतियोगिता मानी जाती है। इस वर्ष इसका आयोजन जयपुर, राजस्थान में किया जा रहा है, जहाँ 18 अक्टूबर को इसका ग्रैंड फिनाले होगा। भारत इस आयोजन की मेजबानी कर रहा है, जो वैश्विक फैशन जगत में भारत के बढ़ते प्रभाव का प्रमाण है।
प्रतियोगिता का संचालन ग्लैमआनंद सुपरमॉडल इंडिया संस्था द्वारा किया जा रहा है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैशन की अग्रणी एजेंसी मानी जाती है।
ताजमहल पहुंचीं फाइनलिस्ट, हर नक्काशी पर ठहर गईं निगाहें
ताजमहल के मुख्य द्वार से प्रवेश करते ही सुंदरियों ने उसकी भव्यता देखकर खुशी से झूम उठीं। किसी ने नक्काशी को कैमरे में कैद किया, तो किसी ने यमुना किनारे बैठकर सेल्फी ली।
वे सभी ताजमहल की पच्चीकारी, बेशकीमती पत्थरों और शाहजहां-मुमताज की प्रेमकथा को जानने के लिए गाइड से विस्तार से जानकारी लेती रहीं। स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए थे ताकि यह अंतरराष्ट्रीय विजिट बिना किसी व्यवधान के सम्पन्न हो सके।
बोलीं सुंदरियां – ताज को देखना जीवन का यादगार क्षण
विभिन्न देशों से आई प्रतिभागियों ने मीडिया से कहा कि ताजमहल प्रकृति और मानवीय कला का बेमिसाल संगम है। दुनिया के कई देश घूमने के बाद यह जगह सचमुच जादुई लगती है। यह प्रेम का प्रतीक है और जीवन में एक बार अवश्य देखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अपने देश लौटने के बाद वे ताजमहल और भारतीय संस्कृति के बारे में सबको बताएंगी।
निखिल आनंद बोले – “दुनिया में सबसे खूबसूरत है हमारा ताज”
मिस यूनिवर्स इंडिया के ऑनर निखिल आनंद ने कहा, हम दुनिया की सबसे खूबसूरत जगह पर हैं। ताजमहल का हर दौरा नई प्रेरणा देता है। जब भी मौका मिलता है, मैं यहां जरूर आता हूं और विदेशों में गर्व से इसकी चर्चा करता हूं। ताजमहल से सुंदर कुछ नहीं।
उन्होंने बताया कि मिस टीन यूनिवर्स जैसी विश्व स्तरीय प्रतियोगिता भारत के लिए गौरव की बात है और इसका सफल आयोजन भारत को फैशन और संस्कृति के वैश्विक नक्शे पर और ऊँचाई देगा।
जनसंपर्क अधिकारी सर्वेश कश्यप ने बताया कि आज की यह यात्रा ऐतिहासिक बन गई है। 23 देशों की प्रतिभागियों ने भारत की धरोहर को करीब से देखा, जो हमारे लिए गर्व की बात है। उन्होंने जिला प्रशासन को सहयोग और सुरक्षा व्यवस्था के लिए धन्यवाद दिया।
ये हैं मिस टीन यूनिवर्स 2025 फाइनलिस्ट जो ताजमहल पर पहुंचीं
बहामास – तात्याना वीवर
चिली – कियारा फुएंतेलबा
कोलंबिया – गैब्रिएला एस्पिनोसा
कोस्टा रिका – मिया निकोल ब्राउन
क्यूबा – डैनिएला कासानोवा
डोमिनिकन रिपब्लिक – मैडिसन ओलिवेरा
जर्मनी – कियारा सोफी
भारत – करिसा बोपन्ना
इंडोनेशिया – बेल्वा एंजेलीन गीथा
मेक्सिको – लिज़बेथ लेडेज़मा
मोरक्को – मलाक खद्दाली
नेपाल – जैस्मिन ठाकुरी
नीदरलैंड – इसाबेला लोबाटोन
फिलीपींस – कियारा गोट्शाल्क
सिएरा – लिलिया सिरियाक
स्पेन – लुसियाना मथियस
टर्क एंड कैकोस – जूली लुईस
युगांडा – टायरा अबोक
यूनाइटेड किंगडम – ब्रूक एयेर
संयुक्त राज्य अमेरिका – सबरीना फ्रक्टस
वेनेजुएला – अमीरा मोरेनो
जाम्बिया – प्रेशियस इसेकी
केन्या – आइवी
ताजमहल की पृष्ठभूमि में जब 23 देशों की सुंदरियों ने कैमरों के सामने मुस्कुराते हुए “इट्स इंडिया, इट्स ब्यूटी” कहा, तो आगरा का आसमान एक बार फिर प्रेम, सौंदर्य और गौरव के रंगों से भर उठा।