लाइक्स की होड़ में ताजमहल की गरिमा तार-तार, वायरल हुई डांस रील
ताजमहल परिसर में प्रतिबंध के बावजूद दो युवतियों द्वारा डांस कर रील बनाने का वीडियो वायरल हुआ है। ASI के निर्देश बोर्ड और CISF की सुरक्षा के बावजूद नियमों की अनदेखी सामने आई है। यह कोई पहला मामला नहीं है, पहले भी ऐसे वीडियो वायरल हो चुके हैं। अब प्रशासन की कार्रवाई पर सबकी नजरें हैं।
ताजमहल में प्रतिबंध के बावजूद अंदर डांस कर बनाया वीडियो, फिर वायरल
आगरा। आगरा के विश्वविख्यात ताजमहल में एक बार फिर नियमों की खुलेआम अनदेखी का मामला सामने आया है। ताजमहल परिसर के भीतर डांस करते हुए रील बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दो युवतियां डांस करती नजर आ रही हैं, जबकि एक युवक उन्हें रील बनाते हुए कैमरे में कैद करता दिखाई दे रहा है।
हैरानी की बात यह है कि ताजमहल के अंदर रील, डांसिंग वीडियो और शूटिंग पर पूरी तरह पाबंदी है। इसके बावजूद ASI (भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण) की ओर से लगाए गए निर्देशात्मक बोर्ड और चेतावनियां बेअसर साबित हो रही हैं। परिसर में जगह-जगह साफ लिखा है कि रील और डांस वीडियो बनाना प्रतिबंधित है, फिर भी नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
सबसे गंभीर सवाल यह उठ रहा है कि ASI और CISF की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद यह सब कैसे संभव हो रहा है। पर्यटकों की भारी भीड़ और निगरानी के बीच इस तरह की गतिविधियों का सामने आना सुरक्षा और प्रशासनिक लापरवाही की ओर इशारा करता है।
यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी ताजमहल के अंदर रील बनाने और वीडियो शूट करने के कई मामले वायरल हो चुके हैं, जिन पर कुछ मामलों में कार्रवाई भी की गई थी। बावजूद इसके, सोशल मीडिया पर लोकप्रियता की होड़ में युवा बार-बार ऐतिहासिक धरोहर की गरिमा को ठेस पहुंचाते नजर आ रहे हैं।
अब इस ताजा वीडियो के सामने आने के बाद एक बार फिर ASI और CISF की भूमिका पर सवाल खड़े हो गए हैं। उम्मीद की जा रही है कि वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।