ताज प्रेस क्लब का नववर्ष कवि सम्मेलन, गूंजी वीर रस की गर्जना, श्रृंगार की कोमलता और व्यंग्य की धार

आगरा। नववर्ष के उपलक्ष्य में ताज प्रेस क्लब द्वारा आयोजित कवि सम्मेलन एवं मुशायरे ने शहर के सांस्कृतिक परिदृश्य को नई चमक प्रदान की। वीर रस की ओजपूर्ण रचनाओं, श्रृंगार रस की कोमल भावनाओं और हास्य-व्यंग्य की चुटीली बातों से सजा यह कार्यक्रम श्रोताओं को भाव विभोर कर गया। प्रख्यात शायर अमीर अहमद के कुशल संचालन में कवियों ने एक से बढ़कर एक रचनाएं प्रस्तुत कीं, जिससे सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

Jan 5, 2026 - 21:25
 0
ताज प्रेस क्लब का नववर्ष कवि सम्मेलन, गूंजी वीर रस की गर्जना, श्रृंगार की कोमलता और व्यंग्य की धार
ताज प्रेस क्लब में आयोजित कवि सम्मेलन का संचालन करते अमीर अहमद।

आगरा। नववर्ष के उपलक्ष्य में ताज प्रेस क्लब द्वारा आयोजित कवि सम्मेलन एवं मुशायरे ने शहर के सांस्कृतिक परिदृश्य को नई चमक प्रदान की। वीर रस की ओजपूर्ण रचनाओं, श्रृंगार रस की कोमल भावनाओं और हास्य-व्यंग्य की चुटीली बातों से सजा यह कार्यक्रम श्रोताओं को भाव विभोर कर गया। प्रख्यात शायर अमीर अहमद के कुशल संचालन में कवियों ने एक से बढ़कर एक रचनाएं प्रस्तुत कीं, जिससे सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कवि सम्मेलन का मुख्य आकर्षण देशभक्ति, सामाजिक सरोकार, प्रेम और जीवन दर्शन पर केंद्रित रचनाएं रहीं। कवि सचिन दीक्षित ने वीर रस से ओतप्रोत पंक्तियों से समा बांधा, “भारत माता घायल है, पहले उपचार जरूरी है, इस मिट्टी में हम जन्मे हैं, इसको शीश झुकाते हैं।” उनकी रचना ने उपस्थितजन में राष्ट्रप्रेम की लहर दौड़ा दी। वहीं भरतदीप माथुर ने श्रृंगार रस की संवेदनशील अभिव्यक्ति से सभी को भावुक कर दिया— “तुम्हारी याद के साए हैं शायद, इधर रास्ता भटक आए हैं शायद।”

इसके अलावा कवि पवन आगरी, डॉ. मुक्ता सिकरवार, डॉ. राजकुमार रंजन, डॉ. त्रिमोहन तरल और सुशील सरित ने भी अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में विभिन्न रसों का समावेश रहा, जिसने दर्शकों को भावनाओं की गहराई में डुबो दिया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकारों एवं क्लब के संस्थापक सदस्यों का सम्मान भी किया गया। संस्थापक सदस्यों में राजीव सक्सेना, सुभाष रावत, अशोक अग्निहोत्री, बच्चन सिंह सिकरवार तथा पूर्व अध्यक्षों में ओम ठाकुर, विनोद भारद्वाज, गजेंद्र यादव, अनिल शर्मा, सुनयन शर्मा को सम्मानित किया गया। हालांकि राजीव सक्सेना और गजेंद्र यादव अनुपस्थित रहे।

विशिष्ट अतिथियों में विधायक विजय शिवहरे, विधायक धर्मपाल सिंह, एडीएम जुबेर बेग, डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास, एडिशनल डीसीपी आदित्य सिंह आदि शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने की, जबकि संचालन महासचिव विवेक जैन ने किया।

ताज प्रेस क्लब के पदाधिकारी अध्यक्ष मनोज मिश्रा, महासचिव विवेक कुमार जैन, कोषाध्यक्ष धीरज शर्मा, उपाध्यक्ष अजेंद्र सिंह चौहान (अज्जू भाई), सचिव पीयूष शर्मा सहित सज्जन सागर, आदर्श नंदन गुप्ता, आलोक द्विवेदी, अनिल राणा एवं कार्यकारिणी सदस्यों की मेहनत से कार्यक्रम सफल रहा। समापन पर सभी को भोजन कराया गया।