बरेली में आला हजरत दरगाह को जाने वाली चादर-जुलूस पर तनाव, दो गांवों में पुलिस तैनात
-आरके सिंह- बरेली। बरेली शहर के थाना इज्जतनगर क्षेत्र के खजुरिया और रहपुरा चौधरी गांवों में मंगलवार को आला हजरत दरगाह को जाने वाली चादर जुलूस की शक्ल पर हंगामा खड़ा हो गया। हिंदू समुदाय के लोगों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान की मिलीभगत और पुलिस की शह पर नई परंपरा थोपने की कोशिश की जा रही है। दोनों गांवों में तनाव व्याप्त है। पुलिस तैनात कर दी गयी है। फ़िलहाल शांति है।
चादर का जुलूस शुरू होते ही ग्रामीणों ने विरोध दर्ज कराते हुए जमकर नारेबाजी की। धीरे-धीरे माहौल गरमा गया। इस दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें ग्रामीण लोग जुलूस का विरोध करते हुए पुलिस पर पक्षपात और घूस लेकर अनुमति देने का आरोप लगाते सुने गये। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक हुई।
आरोप है कि हालात बिगड़ते देख पुलिस ने बल का भी प्रयोग भी किया, जिससे आक्रोश और बढ़ गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले कभी चादर का जुलूस नहीं निकाला गया और अचानक नई परंपरा के नाम पर जुलूस निकालना माहौल बिगाड़ने की कोशिश है।
बरेली के एसपी सिटी मनुष्य पारीक ने मंगलवार देर शाम बताया कि थाना इज्जतनगर स्थित ग्राम खजुरिया से आला हजरत उर्स के दूसरे दिन चादर का जुलूस गांव से आरंभ होकर आला हजरत दरगाह पर जाता है। इस जुलूस के कार्यक्रम के संबंध में दोनों पक्षों के मध्य पूर्व से सहमति थी और इस संबंध में दोनों पक्षों के मध्य लिखित समझौता भी था। आज इस जुलूस के कार्यक्रम के दौरान कुछ स्थानीय लोगों द्वारा चादर खोलने के स्थान को लेकर विवाद व व्यवधान करने का प्रयास किया गया। मौके पर पुलिस बल जो मौजूद था। उनके द्वारा लोगों को समझाया गया।
एसपी सिटी के अनुसार जुलूस लिखित समझौते के अनुरूप ही चल रहा है। व्यवधान पैदा करने वाले इन लोगों को डांट फटकार कर वहां से हटाया गया। उन्होंने स्वयं मौके पर जाकर दोनों पक्षों को समझाया है। मौके पर वर्तमान में पुलिस बल पर्याप्त मात्रा में है और पूर्णतः शांति है।
इस प्रकरण में वर्तमान प्रधान और पूर्व प्रधान के मध्य आपसी कटुता के कारण भी प्रकरण को विवादित कर तूल देने का प्रयास किया गया है। ऐसा संज्ञान में आया है। मामले की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो भी खंगाले जाएंगे और शांति भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव समेत कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया।