आगरा के मनोहरपुर की हवा सबसे साफ मगर ये तीन जगह अब भी कर सकती हैं बीमार, एक्यूआई 100 के पार
आगरा में हवा की रफ्तार बढ़ने और धूप खिलने के कारण मंगलवार को आगरा का एक्यूआई अब तक का सबसे कम 101 दर्ज किया गया। शहर में सबसे साफ हवा मनोहरपुर की रही, जबकि संजय प्लेस, आवास विकास कॉलोनी और शास्त्रीपुरम में प्रदूषण ज्यादा दर्ज किया गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक आगरा का एक्यूआई अब तक का सबसे कम 101 पर रहा। पीएम 2.5 कणों की मात्रा में भी कमी रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के ऑटोमेटिक स्टेशनों में सबसे अच्छी हवा मनोहरपुर की रही, जहां एक्यूआई 81 दर्ज किया गया। संजय प्लेस इन स्टेशनों में सबसे प्रदूषित रहा, लेकिन यहां भी एक्यूआई 115 दर्ज की गई। इसके अलावा रोहता का वायु गुणवत्ता सूचकांक भी काफी नीचे आकर 90 पर रहा जबकि आवास विकास कॉलोनी का 114 और शास्त्रीपुरम का 104 पर है।
एक्यूआई की श्रेणियां
-0 से 50 इस लेवल को अच्छा माना गया है। यानी आप इसे साफ हवा कह सकते हैं।
-51 से 100 के बीच है तो यह सेटिस्फेक्ट्री है लेकिन लोगों को बाहर की एक्टिविटीज कम करने को कहा जाता है।
-101 से 200 के बीच है तो इसे मॉडरेट कहा जाता है। इसमें सेंसिटिव लोग बीमार हो सकते हैं।
-201 से 300 के बीच होने पर यह पूअर कैटेगरी में आता है। यह आपको बीमार बना सकता है।
-301 से 400 के बीच है तो हवा को वेरी पूअर इंडेक्स में डाला जाता है यानी कि यह स्वास्थ्य के लिए काफी खतरनाक है। इस हवा में बाहर निकलने की सलाह नहीं दी जाती है।
-401 से 500 के बीच है तो इसे अति गंभीर माना जाता है। इसमें सभी खतरनाक स्थिति में होते हैं। और सबको मास्क पहनने को कहा जाता है। अब ज्यादातर बड़े शहरों में एयर क्वालिटी 450 से ज्यादा रहने लगा है। यानी कि सेंसिटिव तो छोड़िए हेल्दी लोगों के लिए भी हवा काफी खतरनाक हो गई है।