फतेहपुर सीकरी में पूर्व सभासद की पत्नी का शव झाल में मिला, मौत बनी रहस्य
आगरा। फतेहपुरसीकरी के ऐतिहासिक बुलंद दरवाजा के पास स्थित झाल में शुक्रवार सुबह एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पहचान होने पर मृतका की शिनाख्त पूर्व सभासद रहीस फोटोग्राफर की पत्नी अशरफ बेगम (50 वर्ष) के रूप में हुई। घटना से सीकरी कस्बे के मोहल्ला रोज़ातल में मातम पसर गया है।
-बुलंद दरवाजा के पास घटनास्थल, पुलिस कई एंगल से कर रही जांच, परिजनों में कोहराम
स्थानीयों ने देखा शव, पुलिस को दी सूचना
घटना उस समय सामने आई जब सुबह टहलने निकले स्थानीय लोगों ने झाल के पानी में एक महिला का शव तैरता देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और मौके पर मौजूद लोगों से पहचान कराई। मृतका अशरफ बेगम, सीकरी निवासी और तीन बच्चों की मां थीं। बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दो बेटे उनके साथ रहते हैं।
हत्या, आत्महत्या या हादसा? पुलिस सभी एंगल पर जांच
फिलहाल मौत की वजह साफ नहीं हो सकी है। क्या अशरफ बेगम ने खुद छलांग लगाई? क्या यह घरेलू विवाद या तनाव का परिणाम है या फिर किसी ने उन्हें धक्का देकर गिराया? इन तमाम बिंदुओं पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पड़ोसियों, परिजनों और घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है।
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिससे मौत के कारणों की वैज्ञानिक पुष्टि हो सके। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामला संदिग्ध है। हम हर पहलू को देख रहे हैं कि यह मामला पारिवारिक, सामाजिक या फिर आपराधिक। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करेंगे।