परसों शान ओ शौकत से निकलेगा नगर कीर्तन
आगरा। सरबस दानी गुरु गोविंद सिंह महाराज के प्रकाश पर्व से पहले पांच जनवरी को निकलने वाले नगर कीर्तन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। केंद्रीय संस्था श्री गुरु सिंह सभा माईथान के तत्वावधान में यह नगर कीर्तन गुरुद्वारा माईथान से गुरुद्वारा बालूगंज तक पांच प्यारों की अगुवाई और श्री गुरु ग्रंथ साहिब की छत्र छाया में निकलेगा।
-आगरा के 29 गुरुद्वारों के अलावा आसपास के शहरों के कीर्तन जत्थे भी आएंगे
श्री गुरु सिंह सभा माईथान के प्रधान कंवलदीप सिंह ने गुरुद्वारा माईथान में पोस्टर विमोचन के मौके पर पत्रकारों को यह जानकारी दी। गुरुद्वारा माईथान के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी कुलविंदर सिंह ने बताया कि नगर कीर्तन में आगरा के 29 गुरुद्वारों के अतिरिक्त फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, भरतपुर, टूंडला,अलीगढ़ एवं मथुरा से कीर्तन जत्थे आएंगे। नगर कीर्तन के प्रारंभता की अरदास संत बाबा प्रीतम सिंह करेंगे।
चेयरमैन परमात्मा सिंह ने बताया कि इस अवसर पर नगर कीर्तन मार्ग पर विशाल तोरण द्वार बनाए जा रहे हैं जो संगत की अगुवाई करेंगे। पूरे मार्ग खाने के स्टॉल भी लगेंगे।
जत्थेदार राजेंद्र सिंह इंदौरिया ने बताया कि हर बार की तरह संत सिपाही रणजीत अखाड़ा आकर्षण का केंद्र रहेगा, जिसमें सैकड़ों की संख्या में बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक प्रदर्शन करेंगे। बच्चियों का गतका विशेष आकर्षण का केंद्र होगा।
समन्वयक बंटी ग्रोवर ने बताया कि 21 घोड़े और पंजाब से विशेष रूप बुलाया गया बैगपाइपर बैंड समेत दो बैंड इसकी शोभा को और बढ़ाएंगे।
गुरुद्वारा बालूगंज के प्रधान इंदरजीत सिंह गुजराल एवं महामंत्री राजेंद्र सिंह मिट्ठू ने बताया कि बालूगंज गुरुद्वारे पर नगर कीर्तन की अगवानी के लिए बेनी सिंह स्कूल से गुरुद्वारा तक दोनों तरफ भव्य सजावट की जाएगी। भव्य आतिशबाजी भी की जाएगी। 4 जनवरी को शाम 7 बजे से 9 बजे तक गुरुद्वारा बालूगंज में कीर्तन दरबार सजाया जाएगा।
गुरुद्वारा नानकपाडा के जीतू बागड़ी ने बताया कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब की सवारी एवं पांच प्यारों की सेवा गुरुद्वारा नानकपाड़ा से होगी। बच्चों की कई झांकियां अपनी प्रस्तुति देंगी।
जगदीप सिंह ने बताया कि डीवी संतोख सिंह खालसा स्कूल, श्री गुरु तेग बहादुर हाईस्कूल के अलावा कई स्कूल इसमें भाग लेंगे। वात्सल्य उपाध्याय एवं राना रंजीत सिंह नगर कीर्तन की व्यवस्था देखेंगे। नौजवान हरपाल सिंह एवं प्रवीन अरोरा की अगुवाई में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की सवारी के आगे झाड़ू एवं फूलों की सेवा होगी।
बंटी ग्रोवर ने बताया कि इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन की गाड़ी विशेष रूप से शामिल होगी। ज्ञानी कुलविंदर सिंह ने बताया कि केसरी पगड़ी/चुन्नी ड्रेस कोड होगा। प्रशासन की तरफ से व्यापक सुरक्षा का प्रबंध किए जा रहे हैं।
पोस्टर विमोचन में उपरोक्त के अलावा पाली सेठी, हरमिंदर सिंह पाली, महंत हरपाल सिंह, अमरजीत सिंह सेठी, बलजीत सिंह लाडी, रशपाल सिंह, सतविंदर सिंह, अजीत सिंह, जसबीर सिंह, बादल सिंह आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।