रामलला के ललाट पर सूर्य तिलक देख भाव विभोर हो गये भक्त
अयोध्या। आज देश भर में प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। राम नवमी के मौके पर अयोध्या में भक्तों की भारी भीड़ पहुंची हुई है। श्रीराम जन्मोत्सव के मौके पर श्रीराम मंदिर में दोपहर 12 बजे जब सूर्य किरणों ने रामलला के ललाट का तिलक किया तो यहां मौजूद श्रद्धालु हर्षातिरेक में डूब गये। श्रीराम के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा।
-राम नवमी पर अयोध्या में भक्तों का सैलाब और जश्न का माहौल, जगह-जगह प्रसाद वितरण
राम नवमी को प्रभु श्रीराम का जन्मदिन है। इसे लेकर पूरे देश में आयोजन हो रहे हैं। जगह-जगह शोभायात्राएं निकाली जा रही हैं। श्रीराम जन्मोत्सव के मौके पर रामलला के दर्शन करने के लिए भक्तों का कई दिन पहले से अयोध्या पहुंचना शुरू हो गया था। श्रीराम मंदिर में प्रभु के जन्मोत्सव पर सुबह से ही कार्यक्रम शुरू हो गये थे। अलसुबह से ही भक्तों का रेला मंदिर की ओर बढ़ने लगा था।
दोपहर 12 बजे भगवान सूर्य ने श्री रामलला के ललाट पर अपनी किरणों से तिलक किया तो उस समय दर्शन करते भक्त इस दृश्य को देख भाव विभोर हो उठे। प्रभु श्रीराम सूर्यवंशी हैं, इसलिए मंदिर ट्रस्ट की ओर से मंदिर निर्माण के दौरान यह व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई थी कि राम नवमी के दिन 12 बजे प्रभु का सूर्य तिलक हो। इसके लिए मंदिर में विशेष तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिसमें मंदिर के ऊपर लगे दर्पण के साथ ही पीतल के पाइपों से होते हुए सूर्य किरणें गर्भगृह में लगे शीशे तक पहुंच कर रामलला के ललाट पर तिलक करती हैं।
राम नवमी के मौके पर प्रभु के दर्शन के लिए पहुंचे भक्तों के ऊपर सरयू जल की फुहारें बरसाई गईं। इसके लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया गया था। भक्त सरयू में डुबकी लगाने के बाद हनुमान गढ़ी में दर्शन करने के बाद श्रीराम मंदिर पहुंच रहे थे। समूची अयोध्या में आज जश्न का माहौल है। सामाजिक संगठनों की ओर से जगह-जगह प्रसाद का वितरण किया जा रहा था। रामलला के दर्शन के लिए भक्तों की कतारें बहुत लम्बी थीं। पुलिसकर्मी भीड़ को व्यवस्थित करने पर ध्यान दे रहे थे।