अतिक्रमणकारियों ने लाल निशान पोते पर फिर भी बच न पाए, निगम ने दी 24 घंटे की मोहलत 

आगरा। नालियों पर से अतिक्रमण को हटाने  के लिए नगर निगम द्वारा लगाये गये लाल रंग के निशानों को लोगों ने कार्रवाई से बचने के लिए दीपावली पर पेंट आदि से पोत दिया। कार्रवाई को गयी नगर निगम की टीम को जब इस बात की जानकारी हुई तो घरों के आगे फिर से निशान लगवाये गये। 

Nov 8, 2024 - 20:53
 0
अतिक्रमणकारियों ने लाल निशान पोते पर फिर भी बच न पाए, निगम ने दी 24 घंटे की मोहलत 
अतिक्रमण पर पुनः निशान लगाता नगर निगम कर्मचारी।

निगम की कार्रवाई से लोगों में खलबलीं मच गई। मामला हरीपर्वत जोन स्थित कमलानगर की यमुनोत्री कालोनी का है। अतिक्रमण हटाये जाने के लिए प्रवर्तन दल ने यहां मुनादी भी कराई है।

उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित जनसुनवाई वेबसाइट आईजीआरएस पर बलवीर सिंह ने शिकायत की थी कि कर्मयोगी एंक्लेव मंदिर के पास यमुनो़त्री कालोनी में स्थानीय लोगों और दुकानदारों द्वारा फुटपाथ को घेरते हुए स्थाई और अस्थाई अतिक्रमण कर लिए हैं। इससे यहां से आने जाने  वाले लोगों को भारी दिक्कतें होने के साथ जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। 

नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल ने संबंधित विभाग को इस मामले में कार्रवाई के लिए निर्देशित किया था।  इसके बाद दीपावली से पूर्व निर्माण विभाग की ओर से अवैध निर्माणों पर कार्रवाई के लिए लाल रंग से क्रास के निशान लगा कर अतिक्रमण स्वयं हटाये जाने की चेतावनी दे दी थी। अतिक्रमण करने वालों ने भी आश्वासन दिया था कि वे अवैध निर्माणों को दीपावली के त्योहार के उपरांत स्वयं हटा लेंगे। 

दीपावली  के बाद नगर निगम प्रवर्तन दल की टीम जब क्षेत्र में पहुंची तो लाल रंग के निशान वहां से गायब थे। जानकारी पर पता चला कि लोगों ने कार्रवाई से बचने के लिए लाल निशानों को पेंट आदि से पोत दिया है। इस पर पुनः निशान  लगाकर अतिक्रमण कारियों को 24 घंटे में अतिक्रमण हटाये जाने की चेतावनी दी गयी है।

SP_Singh AURGURU Editor