आगरा में डीएम रहे आरके तिवारी के परिवार ने बनाया कीर्तिमान, तीन सदस्य मुख्य सचिव पद तक पहुंचे, चौथे कतार में
आगरा। आगरा में जिलाधिकारी रह चुके एक सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी के परिवार ने नौकरशाही में एक नया कीर्तिमान बनाया है। यूपी में महोबा से ताल्लुक रखने वाले इस परिवार ने नौकरशाही में जो ऊंचाइयां छुई हैं, वैसे उदाहरण आईएएस संवर्ग में कम ही मिलते हैं।
आगरा में जिलाधिकारी रहे यूपी के पूर्व मुख्य सचिव आरके तिवारी (राजेंद्र कुमार तिवारी) की भाभी श्रीमती अलका तिवारी झारखंड की नई मुख्य सचिव बनाई गई हैं। खास बात यह है कि आरके तिवारी के भाई देवेन्द्र तिवारी भी झारखंड के मुख्य सचिव रहे हैं। पहले पति और फिर पत्नी ने एक ही राज्य में मुख्य सचिव का पद संभाला है। यूपी कैडर के आईएएस रहे आरके तिवारी यूपी में मुख्य सचिव से सेवानिवृत्त हैं।
इस प्रकार एक ही परिवार से तीन मुख्य सचिव होना इस परिवार के लिए ही नहीं, समूचे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व की बात है। तिवारी परिवार महोबा से ताल्लुक रखता है। गया प्रसाद तिवारी के दो बेटे मुख्य सचिव रह चुके हैं। अब बहू अलका तिवारी झारखंड में मुख्य सचिव नियुक्त हुई हैं।
झारखंड में मुख्य सचिव से रिटायर होने के बाद देवेंद्र कुमार तिवारी झारखंड में ही राज्य निर्वाचन आयुक्त हैं। यही नहीं, इस परिवार के छोटे बेटे धीरेन्द्र कुमार तिवारी पंजाब कैडर में अपर मुख्य सचिव हैं। धीरेन्द्र कुमार तिवारी भी मुख्य सचिव की कतार में हैं।