आगरा में जनक महल का भूमिपूजन हुआ, इस बार कैसा होगा महल ?, प्रभु श्रीराम के स्वागत की तैयारियां कहां पहुंची और मंच के आस—पास कैसी होंगी व्यवस्थाएं, जानें खबर में...
आगरा। उत्तर भारत की ऐतिहासिक राम बारात और जनकपुरी महोत्सव के तहत बनने वाले जनक महल का भूमि पूजन आज बुधवार को विधि-विधान से किया गया। जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति की ओर से कोठी मीना बाजार में इस बार भव्य जनक महल बनाया जा रहा है।

प्रभु श्रीराम के स्वागत के लिए जनकपुरी में तैयारियां आकार लेने लगी हैं। क्षेत्र में विकास कार्यों रफ्तार पकड़ कर रहे हैं। झांकियां और जनक महल को लेकर भी जल्द जानकारी साझा की जाएगी। वहीं जनक महल का निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ होगा। इस वर्ष कोठी मीना बाजार मैदान में बनाए जाने वाले जनक महल को बनाने की जिम्मेदारी जनकपुरी आयोजन समिति ने नगर के प्रतिष्ठित टेंट हाउस को सौंपी है।
आगरा के कोठी मीना बाजार में आज सुबह जनक महल के लिए भूमिपूजन केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, मधु बघेल, मेयर हेमलता दिवाकर, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल , राजाजनक बने प्रमोद वर्मा, अध्यक्ष गौरव अग्रवाल ने किया। इससे पूर्व जनकपुरी समिति पदाधिकारियों के साथ कोठी मीना बाजार मैदान का पूरा निरीक्षण कर जनक महल निर्माण को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। बताया जा रहा है कि इस वर्ष भी जनकमहल की थीम श्रीराम मंदिर ही रहेगा, लेकिन इसे थोड़ा अलग करने की कोशिश की जाएगी। समिति इस वर्ष अब तक का सबसे बड़ा जनक महल तैयार कराने की तैयारी में है। इसके लिए 300 फीट चौड़ा और 110 फीट ऊंचा जनक महल बनाने की तैयारी है। पिछले वर्ष संजय प्लेस में सजी जनकपुरी में 104 फीट ऊंचा जनकमहल बनाया गया था।
ऐसे होगी भगवान के दर्शन की सुविधा
जनक महल सबसे भव्य और दिव्य होगा, तो यहां प्रत्येक श्रद्धालु को बैठकर भगवान के दर्शन करने की सुविधा प्रदान करने की तैयारी है इसलिए मंच के सामने करीब चार हजार सीटों की व्यवस्था की जाएगी, जिससे प्रत्येक व्यक्ति को बैठकर प्रभु दर्शन का सौभाग्य प्राप्त है।