पहले से बुक किए गैस सिलेंडर पर कल से बढ़ी हुई कीमत वसूली जाएगी

आगरा। पेट्रोलियम कंपनियों द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में की गई 50 रुपये की वृद्धि आठ अप्रैल से लागू हो जाएगी। गैस सिलेंडर पर उन उपभोक्ताओं को भी बढ़ी हुई कीमत अदा करनी पड़ेगी जिन्होंने अपने सिलेंडर की बुकिंग आज या एक दो दिन पहले करा दी थी, भले ही उन्होंने एडवांस पेमेंट भी कर दिया हो। कल जब सिलेंडर की डिलीवरी की जाएगी तब उपभोक्ताओं को 50 रुपये अतिरिक्त भुगतान करना पड़ेगा।

Apr 7, 2025 - 21:03
 0
पहले से बुक किए गैस सिलेंडर पर कल से बढ़ी हुई कीमत वसूली जाएगी

-पेट्रोलियम कंपनियों ने घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये वृद्धि की है, उज्ज्वला कनेक्शन भी वृद्धि से अछूते नहीं

सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर प्रति लीटर दो रुपये एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने का बोझ तो आम लोगों पर नहीं डाला है, लेकिन कंपनियों ने चुपके से घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की बढोतरी कर दी है। उज्ज्वला योजना के घरेलू गैस कनेक्शनधारी भी इस वृद्धि से अछूते नहीं हैं।

अब तक 803 रुपये में मिलने वाला गैस सिलेंडर अब 50 रुपये की वृद्धि के बाद 853 रुपये में मिलेगा। इसी प्रकार उज्ज्वला योजना का गैस सिलेंडर अब 503 रुपये से बढ़कर 553 रुपये का हो गया है।

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने गैस सिलेंडर की कीमत में वृद्धि पर नई दिल्ली में कहा कि एक साल बाद पेट्रोलियम कंपनियों ने यह बढ़ोतरी की है। यह वृद्धि आम उपभोक्ता और उज्ज्वला कनेक्शनधारकों पर समान रूप से की गई है।

ज्ञातव्य है कि पेट्रोलियम कंपनियों ने कुछ माह पहले कमर्शियल गैस सिलेंडर में 40 रुपये की कमी की थी और अब घरेलू गैस सिलेंडर पर 50 रुपये की वृद्धि कर दी है।

SP_Singh AURGURU Editor