पिनाहट में पौंटून पुल का पीपा लीक, ठहर गया सफर, वाहनों की लगी लंबी कतार

पिनाहट क्षेत्र के चंबल नदी घाट पर बने पौंटून पुल पर अचानक आई गड़बड़ी के चलते यातायात ठप हो गया। पुल के एक पीपे में लीक से पानी भर गया, जिससे पुल का संतुलन बिगड़ गया और वाहनों की आवाजाही तत्काल रोक दी गई। गर्मी में सफर कर रहे राहगीर और ग्रामीण परेशानी में फंस गए।

May 10, 2025 - 19:33
 0
पिनाहट में पौंटून पुल का पीपा लीक, ठहर गया सफर, वाहनों की लगी लंबी कतार
पिनाहट के चंबल नदी घाट पर पेंटून पुल के क्षतिग्रस्त पीपे को बदलते कर्मचारी, दूसरी ओर खड़े वाहन।  

आगरा। पिनाहट में चंबल नदी पर बने अस्थायी पौंटून पुल पर शनिवार को उस समय संकट खड़ा हो गया, जब पुल का एक पीपा अचानक लीक हो गया। लीक होने के चलते पीपा के अंदर पानी भर गया और पूरा पुल असंतुलित हो गया। प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए तुरंत वाहनों का आवागमन बंद कर दिया।

पुल पर दोनों ओर लंबी कतारों में वाहन फंस गए, जिसमें स्कूली बसें, मालवाहक ट्रक और ग्रामीणों की बाइक शामिल थे। चंबल नदी पर बना यह पौंटून पुल पिनाहट को मुरैना-धौलपुर और अन्य क्षेत्रों से जोड़ता है और रोजाना सैकड़ों वाहन इसी से गुजरते हैं।

लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और ठेकेदार से क्षतिग्रस्त पीपा को बदलने का काम शुरू कराया। पुल पर रखे अन्य पीपों की भी जांच की जा रही है ताकि आगे किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।

अस्थायी पुल की दिक्कतें बार-बार सामने आ रही हैं, लेकिन अब तक स्थायी पुल की मांग अधूरी बनी हुई है।

SP_Singh AURGURU Editor