‘भारत माता की जय’ से गूंजीं लखनऊ की सड़कें, सीएम योगी भी तिरंगा थामे चलते दिखे

लखनऊ। ‘भारत माता की जय’ के नारों से बुधवार को लखनऊ की फिजा में देशभक्ति घुल गई। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में निकाली जा रही तिरंगा यात्राओं के क्रम में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।

May 14, 2025 - 12:29
 0
‘भारत माता की जय’ से गूंजीं लखनऊ की सड़कें, सीएम योगी भी तिरंगा थामे चलते दिखे
ऒपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद लखनऊ में बुधवार को निकाली गई तिरंगा यात्रा की झलक।

-लखनऊ में निकाली गई तिरंगा यात्रा में दो हजार मीटर का तिरंगा था आकर्षण का केंद्र, हजारों शामिल

-ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद राष्ट्रभक्ति की लहर, 23 राज्यों में भाजपा नेताओं ने उठाया तिरंगा

दो हजार मीटर लम्बा तिरंगा

इस यात्रा की सबसे खास बात थी- 2000 मीटर लंबा तिरंगा, जिसे हजारों की संख्या में लोगों ने हाथों में थाम रखा था। खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हाथ में तिरंगा लिए भारत माता की जय के नारे लगाते नजर आए। उनके साथ उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, अन्य कैबिनेट सदस्य और भाजपा के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

इस राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत यात्रा में हजारों की संख्या में स्कूली बच्चे, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शहर की सड़कों पर तिरंगे की लहरों ने ऐसा दृश्य रचा कि पूरा लखनऊ देशभक्ति के रंग में रंग गया।

लखनऊ बना तिरंगामय

राजधानी लखनऊ की प्रमुख सड़कों पर तिरंगा यात्रा के दौरान 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के नारे गूंजते रहे। आम लोगों ने भी अपने घरों और दुकानों पर तिरंगे लहराकर यात्रा का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री योगी ने इस मौके पर कहा, ये तिरंगा सिर्फ एक झंडा नहीं, ये भारत की आत्मा है। इसे उठाकर चलना, हमारे कर्तव्यों का स्मरण है।

23 राज्यों की राजधानियों में एक साथ निकलीं तिरंगा यात्राएं

भारत ने जब ऑपरेशन सिंदूर के जरिए आतंक के आकाओं को करारा जवाब दिया, तो अब पूरे देश में राष्ट्रभक्ति का रंग और भी गाढ़ा हो गया है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे देश में 13 मई से 23 मई तक तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को देश के 23 राज्यों की राजधानियों में एक साथ तिरंगा यात्राएं निकाली गईं, जिनमें केंद्र और राज्य सरकारों के शीर्ष नेता शामिल हुए।

SP_Singh AURGURU Editor