कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने 16 राज्यों से 338 जिलाध्यक्षों से किया संवाद

नई दिल्ली। कांग्रेस नेतृत्व ने अपनी जिला इकाइयों को प्रभावी बनाने के लिए एक बड़ी पहल की। पार्टी नेतृत्व ने 13 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों के 338 जिलाध्यक्षों को दिल्ली बुलाकर अपनी बात रखी और जिलाध्यक्षों की बात सुनी। कांग्रेस चाहती है कि विचारधारा की अपनी लड़ाई को जिलाध्यक्षों के जरिए घर-घर तक पहुंचाये।

Mar 30, 2025 - 17:48
 0
कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने 16 राज्यों से 338 जिलाध्यक्षों से किया संवाद
16 राज्यों के कांग्रेस जिलाध्यक्षों को संबोधित करते नेता विपक्ष राहुल गांधी। दूसरे चित्र में बैठक में मौजूद जिलाध्यक्ष।  

-जिला इकाइयों को मजबूती पर विशेष ध्यान दे रही कांग्रेस पार्टी, शेष राज्यों के जिलाध्यक्षों की बैठक 3 व 4 अप्रैल को

इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता विपक्ष राहुल गांधी, पार्टी के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल के साथ ही सभी 13 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों के प्रभारी महासचिव और इंचार्ज मौजूद रहे। बैठक में दो तरफा संवाद हुआ, जिसमें शीर्ष नेतृत्व के साथ जिलाध्यक्षों ने भी अपने विचार और सुझाव रखे। इस बैठक में उदयपुर चिंतन शिविर में लिये गये निर्णयों के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटियों को मजबूत और प्रभावी बनाने पर फोकस रहा।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जिलाध्यक्षों से कहा कि कांग्रेस पार्टी जिस संदेश और विचारधारा की लड़ाई लड़ रही है, उस लड़ाई को जिलाध्यक्ष हर घर तक ले जाने का काम करें।

नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी एक नींव के समान है। कोई भी भवन मज़बूत नींव के बगैर खुद मजबूती नहीं हासिल कर सकता।

वरिष्ठ नेता अजय माकन ने भी बैठक को संबोधित किया और कुछ घोषणाएं भी कीं, जो जिलाध्यक्षों द्वारा आने वाले दिनों में साझा की जाएंगी। बैठक में जिलाध्यक्षों के समक्ष चार प्रेजेंटेशन भी दी गईं।

एस कैंथ द्वारा दी गई प्रेजेंटेशन में ये बताया गया कि कैसे चुनाव में मंडल तक की पार्टी यूनिट सक्रिय होंगी। यह भी समझाया गया कि कांग्रेस अध्यक्ष व नेता विपक्ष द्वारा उठाये गये वोटर लिस्ट के मुद्दे पर कैसे प्रभावी ढंग से काम करना है।

बैठक में एक प्रेजेंटेशन मीडिया कम्युनिकेशन विभाग की तरफ से भी दिया गया, जिसमें यह बताया गया कि मीडिया कम्युनिकेशन विभाग, जिला इकाइयों से क्या अपेक्षा रखता है और  कैसे वो पार्टी के संदेश को नीचे तक प्रसारित कर सकते हैं।

 पार्टी की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने सोशल मीडिया को लेकर प्रेजेंटेशन दिया। विजयेंद्र सिंगला के प्रेजेंटेशन में बताया गया कि कैसे हम अलग-अलग जिलों में पार्टी प्रॉपर्टी को सुदृढ़ तरीके से इस्तेमाल में ला सकते हैं

बैठक में यह भी बताया कि यह पहले चरण की बैठक हुई है। आगामी 3-4 अप्रैल को दूसरे चरण की बैठक बाकी बचे राज्यों के जिलाध्यक्षों की होगी। ये बैठकें अखिल भारतीय कांग्रेस के गुजरात अधिवेशन से पहले ख़त्म हो जाएंगी।

SP_Singh AURGURU Editor