दुनिया ने देख लिया है कि सिंदूर जब बारूद बनता तो नतीजा क्या होता है, मोदी की पाक को खुली चेतावनी
राजस्थान के बीकानेर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया कि अब भारत हर आतंकी हमले का जवाब तत्काल और निर्णायक ढंग से देगा। 22 अप्रैल के पहलगाम हमले के बाद भारत की सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत 22 मिनट में 9 आतंकी ठिकाने तबाह किए। मोदी ने कहा कि अब पाकिस्तान से सिर्फ पीओके और आतंक पर बात होगी।
-पीएम बोले- मोदी का दिमाग ठंडा लेकिन खून गर्म, मेरी नसों में अब खून नहीं गर्म सिंदूर बह रहा है
बीकानेर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राजस्थान की वीर भूमि बीकानेर से आतंकवाद और पाकिस्तान पर अब तक के सबसे कड़े लहजे में चेतावनी दी। उन्होंने कहा, दुनिया ने देख लिया है कि जब सिंदूर बारूद बन जाता है, तो उसका नतीजा क्या होता है। अब मोदी की नसों में खून नहीं, गर्म सिंदूर बह रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान के दौरे पर थे और बीकानेर जिले के पलाना गांव में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सीधे तौर पर 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुई आतंकी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि आतंकियों ने धर्म पूछकर हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा था, और इसका जवाब इतनी तेजी से दिया गया कि 22 मिनट में आतंकियों के 9 अड्डे नेस्तनाबूद कर दिए गए। उन्होंने इस कार्रवाई को ऑपरेशन सिंदूर करार दिया।
गोलियां पहलगाम में चलीं, लेकिन घायल पूरे भारत का सीना हुआ
पीएम मोदी ने कहा, 22 अप्रैल को गोलियां पहलगाम में चली थीं, लेकिन उस वार ने पूरे देश का सीना छलनी कर दिया था। उन्होंने कहा कि जब देश की बहनों का सिंदूर उजाड़ा गया, तो हमने अपनी तीनों सेनाओं को खुली छूट दे दी। नतीजा ये हुआ कि 22 मिनट में आतंकियों के 9 बड़े अड्डे ध्वस्त कर दिए गए।
अब आतंक के आकाओं और सरपरस्त सरकार में फर्क नहीं रहेगा
प्रधानमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब भारत आतंक के आकाओं और उन्हें पनाह देने वाली सरकार के बीच अब कोई भेद नहीं करेगा। अब हम एटम बम की गीदड़ भभकियों से डरने वाले नहीं हैं। पाकिस्तान को अब हर आतंकी हरकत की बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। ये कीमत पाकिस्तान की सेना और अर्थव्यवस्था दोनों चुकाएगी।
अब बातचीत सिर्फ पीओके और आतंकवाद पर होगी
पीएम मोदी ने दो-टूक कहा कि भारत की पाकिस्तान के साथ अब कोई अन्य बातचीत नहीं होगी। अब पाकिस्तान से बात केवल पीओके और आतंकवाद पर होगी। हमारा संकल्प है कि भारतीयों के खून से खेलने की हरकत अब बहुत महंगी पड़ेगी। दुनिया की कोई ताकत हमें इस संकल्प से नहीं डिगा सकती।
मोदी का दिमाग ठंडा, लेकिन नसों में बह रहा गर्म सिंदूर
उन्होंने कहा, मोदी का दिमाग ठंडा रहता है लेकिन खून गर्म बहता है। मोदी की नसों में अब खून नहीं, गर्म सिंदूर बह रहा है।
बीकानेर एयरबेस पूरी तरह सुरक्षित, रहीमखान एयरबेस आईसीयू में
मोदी ने पाकिस्तान की असफल कोशिशों की ओर इशारा करते हुए कहा, मैं आज बीकानेर एयरबेस पर उतरा। पाकिस्तान ने इसे निशाना बनाने की कोशिश की थी, लेकिन वो कोई नुकसान नहीं पहुंचा पाया। जबकि यहीं से कुछ दूरी पर पाकिस्तान की सीमा के भीतर रहीमखान एयरबेस आईसीयू में पड़ा है।
2019 की एयर स्ट्राइक के बाद फिर राजस्थान की धरती पर
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2019 में भारत की वायुसेना ने आतंकियों के अड्डों पर एयर स्ट्राइक की थी और उसके कुछ समय बाद वे राजस्थान आए थे। आज भी संयोग है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद मैं फिर बीकानेर की वीर भूमि पर खड़ा हूं।
करणी माता का आशीर्वाद और 26 हजार करोड़ की विकास योजनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभा से पूर्व देशनोक स्थित करणी माता मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। इस दौरान उन्होंने पुनर्विकसित किये गये देशभर के 103 रेलवे स्टेशनों के का उद्घाटन किया। बांद्रा-बीकानेर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही 26,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया।