35 लाख की ज्वेलरी चोरी का पर्दाफाश, शाहगंज पुलिस ने दो शातिर चोर दबोचे

आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र में बंद मकान से करीब 35 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पूरी ज्वेलरी, अवैध तमंचा, कारतूस, चाकू और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।

Jul 28, 2026 - 20:19
 0
35 लाख की ज्वेलरी चोरी का पर्दाफाश, शाहगंज पुलिस ने दो शातिर चोर दबोचे
पुलिस की गिरफ्त में माल सहित दोनों शातिर चोर।

आगरा। आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र में बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। करीब 35 लाख रुपये मूल्य की चोरी की ज्वेलरी बरामद करते हुए पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से अवैध हथियार और चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।

एडीसीपी सिटी हिमांशु गौरव ने बताया कि 17 जुलाई को शाहगंज थाना पुलिस को बंद मकान में चोरी की सूचना मिली थी। पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि उसके छोटे भाई की पत्नी अस्पताल गई हुई थीं। जब वह घर लौटीं तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे का लॉक भी टूटा हुआ था और अलमारी में रखे सोने-चांदी के सभी कीमती आभूषण गायब थे। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सीसीटीवी और सर्विलांस से पुलिस पहुंची आरोपियों तक

घटना की गंभीरता को देखते हुए शाहगंज पुलिस ने विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया। लगातार की जा रही जांच के बाद पुलिस को दोनों संदिग्धों की लोकेशन मिली। 28 जुलाई को पुलिस ने फतेहपुर सीकरी रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने बंद मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।

35 लाख की ज्वेलरी, तमंचा और बाइक बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवदेश पुत्र मोहर सिंह, निवासी चंदपुरा थाना इरादतनगर तथा रूपकिशोर पुत्र रामसिंह, निवासी गुतला मोड़ थाना ताजगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से  253.32 ग्राम सोने के आभूषण (मोती सहित), 1373.5 ग्राम चांदी के आभूषण, एक .315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक चाकू, चोरी की वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है।

दोनों आरोपी हैं शातिर अपराधी

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी पहले से ही कई आपराधिक मामलों में वांछित रहे हैं। इनके खिलाफ आगरा के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य अपराधों से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

जेल भेजे गए आरोपी

पूछताछ और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। अदालत के आदेश पर दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी जांच जारी है और आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।