13 अप्रैल को अंतर्राष्ट्रीय जाट दिवस मनाने का कोई ऐतिहासिक आधार नहीं, बैसाखी का यह दिन बलिदान और कृषि संस्कृति की याद दिलाता है

13 अप्रैल को अंतरराष्ट्रीय जाट दिवस के रूप में मनाने के ऐतिहासिक आधार पर सवाल उठते हैं, क्योंकि इसके समर्थन में स्पष्ट प्रमाण नहीं मिलते। यह दिन वास्तव में बैसाखी पर्व का है, जो कृषक समाज के लिए नई फसल, समृद्धि और शुरुआत का प्रतीक है, साथ ही जलियांवाला बाग हत्याकांड जैसे बलिदान की भी याद दिलाता है। किसी भी दिवस को व्यापक मान्यता के लिए उसका ऐतिहासिक और तार्किक आधार होना आवश्यक है।

Apr 13, 2026 - 19:42
Apr 13, 2026 - 19:46
 0
13 अप्रैल को अंतर्राष्ट्रीय जाट दिवस मनाने का कोई ऐतिहासिक आधार नहीं, बैसाखी का यह दिन बलिदान और कृषि संस्कृति की याद दिलाता है

-कुंवर शैलराज सिंह एडवोकेट-

आज प्रातः समस्त देशवासियों को अंतरराष्ट्रीय जाट दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित करने के उपरांत जब मैंने जाट समाज के इतिहास का गहन अध्ययन किया, तो एक महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया कि इतिहास के प्रमाणित पन्नों में ऐसा कोई स्पष्ट उल्लेख नहीं मिलता, जिससे यह सिद्ध हो सके कि 13 अप्रैल को अंतरराष्ट्रीय जाट दिवस के रूप में मनाने का कोई ठोस ऐतिहासिक आधार रहा हो। इंटरनेट और विभिन्न स्रोतों के अध्ययन से यह भी संकेत मिलता है कि इस दिवस का प्रचलन लगभग वर्ष 2015 के आसपास कुछ संस्थागत प्रयासों से प्रारंभ हुआ।

वास्तविकता यह है कि 13 अप्रैल का दिन भारतीय परंपरा में बैसाखी के रूप में अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह कृषि प्रधान समाज के लिए फसल कटाई, समृद्धि और नई शुरुआत का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर समस्त कृषक समाज को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

यह दिन केवल उत्सव का ही नहीं, बल्कि बलिदान का भी प्रतीक है। इसी दिन 1919 में अमृतसर के जलियांवाला बाग हत्याकांड में निहत्थे भारतीयों, जिनमें बड़ी संख्या कृषक वर्ग की थी, पर जनरल डायर के आदेश पर गोलियां चलाई गईं। सैकड़ों निर्दोष लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी। ऐसे सभी अमर बलिदानियों को विनम्र श्रद्धांजलि।

यह स्पष्ट करना भी आवश्यक है कि 13 अप्रैल को अंतरराष्ट्रीय जाट दिवस के रूप में मनाने वालों का कोई विरोध नहीं है। हर समाज को अपनी पहचान और गौरव के उत्सव का अधिकार है, लेकिन किसी भी दिवस की व्यापक स्वीकृति के लिए उसका ऐतिहासिक और तार्किक आधार होना भी उतना ही आवश्यक है।

जाट समाज एक अत्यंत प्राचीन, वीर, परिश्रमी और बहुआयामी परंपरा का प्रतिनिधि रहा है। कृषि से लेकर कलम तक, खेल से लेकर अंतरिक्ष तक, युद्धभूमि से लेकर आध्यात्मिक क्षेत्र तक, पाषाण से लेकर साहित्य सृजन तक,दुर्गम रेगिस्तान मे निवास से लेकर,आधुनिक रिसर्च तक,मोहन जोदडो हड़प्पा सभ्यता के निर्माण से वैदिक साहित्य के सृजन तक,इस समाज ने हर क्षेत्र में अपनी विशिष्ट छाप छोड़ी है। इतिहास में सिंधु घाटी सभ्यता से लेकर वैदिक साहित्य के सृजन तक, विदेशी आक्रांताओं- हूण, कुषाण, गजनवी, गौरी, तैमूर और पठानों व मुगलों के विरुद्ध संघर्ष से लेकर मराठों और पेशवाओं को शरण देने तक, सर्वखाप पंचायतों की परंपरा से लेकर आधुनिक लोकतांत्रिक व्यवस्था तक जाट समाज का योगदान व्यापक और गौरवशाली रहा है।

भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में भी इस समाज ने अपने रक्त से इतिहास लिखा और आज भी देश की सीमाओं की रक्षा से लेकर अन्न और दुग्ध उत्पादन तक, राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

ऐसी शौर्य, त्याग, दानशीलता और मानवता से परिपूर्ण महान परंपरा को शत-शत नमन।

(लेखक वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और जाट समाज के अग्रणी संगठनों में महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभा चुके हैं।)Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor