आगरा के बाह में रास्ते पर भरे पानी में करंट दौड़ रहा था, गाय की मौत, किसान बाल-बाल बचा

आगरा। कस्बा बाह की डिफेंस कॉलोनी में बिजली विभाग की लापरवाही के चलते एक और हादसा सामने आया है। गौपालक प्रमोद अपनी गाय को लेकर रास्ते से गुजर रहे थे, तभी विद्युत पोल के पास भरे पानी में पैर रखते ही गाय को जोरदार करंट लगा और वह वहीं गिरकर तड़पने लगी। किसान प्रमोद को भी झटका लगा और वह दूर जा गिरा, जिससे उसकी जान तो बच गई लेकिन गाय की मौके पर ही मौत हो गई।

Jun 19, 2025 - 18:45
 0
आगरा के बाह में रास्ते पर भरे पानी में करंट दौड़ रहा था, गाय की मौत, किसान बाल-बाल बचा
बाह कस्बे में रास्ते पर भरे पानी में दौड़ते करंट की चपेट में आने से मृत गाय और आसपास खड़े मोहल्ले के लोग।  

24 घंटे में दूसरा करंट हादसा, ग्रामीणों में विद्युत विभाग के खिलाफ उबाल

इस घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर विरोध जताया और मुआवजे की मांग की। मौके पर जुटे लोगों का कहना है कि गाय ने अपनी जान देकर बहुत सारे लोगों का जीवन बचा लिया।

इससे पहले, जरार क्षेत्र में मंगलवार को हाईटेंशन लाइन के टूटे तार की चपेट में आकर शेर सिंह की मौत और छोटे के झुलसने की घटना ने पहले ही विभाग की लचर व्यवस्था को उजागर कर दिया था।

हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति बंद कराई। विभागीय टीम मौके पर पहुंची और विद्युत पोल में करंट आने की वजह की जांच शुरू की।

गौ पालक प्रमोद सहित स्थानीय लोग प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता और पशु मुआवजा योजना के तहत राहत की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस तरह की घटनाओं पर तुरंत रोक नहीं लगाई गई, तो बड़े जनहानि की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।

SP_Singh AURGURU Editor