महर्षि दयानंद सरस्वती की जयंती पर शोभायात्रा यज्ञ, दीपमाला और भजन होंगे
आगरा। आर्य समाज मंदिर की ओर से महर्षि दयानन्द सरस्वती जन्म जयंती समारोह का आयोजन किया जा रहा है। 201वीं जयंती 16 फरवरी को सूर्य नगर पार्क में महोत्सव के रूप में मनाई जाएगी। गुरुवार को संजय प्लेस स्थित आहार रेस्टोरेंट पर आर्य समाज के पदाधिकारियों ने महोत्सव के आमंत्रण-पत्र का विमोचन कर समस्त शहर को आमंत्रित किया।
-सूर्य नगर के समाधि पार्क में होगा आयोजन, सैकड़ों की संख्या में आगरा मंडल के आर्यजन होंगे शामिल
महोत्सव संयोजक प्रदीप कुलश्रेष्ठ व राजेंद्र मल्होत्रा ने बताया कि 15 फरवरी को सुबह 8 बजे भव्य शोभायात्रा सूर्य नगर पार्क से शुरू होकर आसपास में भ्रमण करते हुए पुनः कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेगी। 16 फरवरी को सुबह हवन यज्ञ और 201 गौ घृत की दीपमाला प्रज्जवलन करेंगे। प्रातः दस बजे से सभी आर्यजन रोहतक से आ रहे मुख्य वक्ता वैदिक प्रवक्ता स्वामी आर्यवेश के वैदिक ज्ञान और नई दिल्ली से आ रहे गौरव शास्त्री के भजनों की अमृतमयी वर्षा का धर्मलाभ प्राप्त करेंगे। दोपहर दो बजे से ऋषि प्रसाद सेवा का आयोजन किया जायेगा।
कार्यक्रम व्यवस्थापक सीए मनोज खुराना ने कहा कि जन्मजयंती महोत्सव में आर्य समाज आगरा मंडल की दो दर्जन से अधिक शाखाओं के आर्यजन शामिल हो रहे है। मुख्य अतिथि के रूप में सीए उमेश गर्ग के साथ आर्यरत्न विदुषी शांति नागर और आर्यरत्न वैदिक विद्वान उमेशचन्द कुलश्रेष्ठ का भी आशीष मिलेगा।
महोत्सव में आर्य समाज के संस्थापक महर्षि दयानंद सरस्वती के जीवंत पर्यन्त मानव कल्याण, धार्मिक कुरीतियों पर रोकथाम और विश्व की एकता के प्रति समर्पित भाव को नयी पीढ़ी को बताया जायेगा। इस अवसर पर अश्वनी आर्य, भारत भूषण सामा, अनुज आर्य, विकास आर्य, वीरेंद्र कनवर, सुभाष अग्रवाल, सुधीर अग्रवाल, अश्वनी डेंबला, सुधाकर गुप्ता, यतेंद्र आर्य आदि मौजूद रहे।