पाकिस्तान के हॉकी खिलाड़ियों को भारत बुलाने पर मचेगा बवाल: मौलाना शहाबुद्दीन रजवी का ऐलान
बरेली। आगामी एशिया हॉकी कप में पाकिस्तान की टीम को आमंत्रित किए जाने पर विरोध की आग भड़क उठी है। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने इस फैसले पर तीखी आपत्ति जताते हुए भारत सरकार से इसे तुरंत रद्द करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि पाकिस्तान के खिलाड़ी भारत आते हैं, तो बिहार ही नहीं, पूरे देश में भारी विरोध होगा।
भारत के दुश्मन देश के खिलाड़ियों का स्वागत नहीं
मौलाना रजवी ने कहा कि पाकिस्तान भारत का दुश्मन देश है, जिसने न सिर्फ पहलगाम में आतंकी हमलों को अंजाम दिया, बल्कि भारत के खिलाफ खुलेआम जहर उगला। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत पर आतंकी हमलों के समय पाकिस्तान के खिलाड़ी, फनकार और लेखक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे थे। अब ऐसे देश के खिलाड़ियों को भारत बुलाया जाना देश की अस्मिता और शहीदों के बलिदान का अपमान है।
भारत के खिलाफ झंडा लहराने की धमकी देने वालों को न दें मंच
मौलाना ने पाकिस्तान की ओर से लाल किले पर झंडा फहराने जैसी धमकियों का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि जिनका उद्देश्य ही भारत को तोड़ना है, उनके खिलाड़ियों को भारत की ज़मीन पर खेलने की अनुमति कैसे दी जा सकती है?
बिहार की धरती पर नहीं खेलने देंगे पाकिस्तानी खिलाड़ी
उन्होंने ऐलान किया कि यदि पाकिस्तान की टीम भारत आती है, तो बिहार की धरती पर उन्हें खेलने नहीं दिया जाएगा। हम मुसलमानों के साथ अन्य समुदायों को भी साथ लेकर सड़कों पर उतरेंगे और विरोध प्रदर्शन करेंगे।
भारत सरकार से पुनर्विचार की अपील
उन्होंने केंद्र सरकार, विशेषकर खेल मंत्रालय से इस फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की है। साथ ही उन्होंने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं पाकिस्तान के आतंकी चेहरे को दुनिया के सामने उजागर कर चुके हैं। ऐसे में पाकिस्तान से खिलाड़ियों को बुलाना उस अभियान को कमजोर करना होगा।