दिल्ली से बाइक उड़ा लाए थे, आगरा में चेकिंग में दो धरे गए, अवैध हथियार भी बरामद
आगरा। थाना निबोहरा क्षेत्र में पुलिस को वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता हाथ लगी है। दिल्ली से चोरी कर लाई गई बाइक के साथ दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है। तलाशी में इनके पास से एक अवैध तमंचा, 13 जिंदा कारतूस, दो मिस कारतूस, दो खोखा कारतूस, कारतूस बेल्ट और एक चोरी की बाइक बरामद की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सूरज पुत्र विजय निवासी ग्राम सलेमपुर धनकर थाना निबोहरा और शशांक उर्फ छोटू पुत्र पूरन सिंह निवासी समोना, थाना राजाखेड़ा, जिला धौलपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। वहीं, तीसरा आरोपी भोला पुत्र दुशासन निवासी साह (साई का पुरा) थाना निबोहरा अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
तीनों आरोपियों ने छह मार्च 2025 को दिल्ली से एक बाइक चोरी की थी। पुलिस ने अभियुक्तों पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।पुलिस का कहना है कि बाइक चोरी और अवैध हथियार रखने के इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।