आगरा में चोर बेखौफ, दिनदहाड़े मोबाइल उड़ाया, रात में दुकान का ताला तोड़ ₹27 हजार ले उड़े
आगरा में चोरी की दो बड़ी घटनाएं सामने आईं। शमशाबाद रोड पर दिनदहाड़े ग्राहक बनकर मोबाइल चोरी और ताजगंज में रात को दुकान का ताला तोड़कर ₹27 हजार की नकदी उड़ाई गई। पहली घटना सीसीटीवी में कैद है, दूसरी में चोर बैग-जूते छोड़कर भागा। पुलिस दोनों मामलों में जांच और पहचान की कार्रवाई में जुटी है।
शमशाबाद रोड पर ग्राहक बनकर चोरी, सीसीटीवी में कैद आरोपी
ताजगंज में रात की सेंध, चोर बैग–जूते छोड़कर फरार
आगरा। आगरा में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे अंधेरे का इंतजार भी नहीं कर रहे। दिन के उजाले में दुकानों को निशाना बनाया जा रहा है, तो रात में ताले तोड़कर नकदी उड़ा ली जा रही है। ताजा दो घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दिनदहाड़े ग्राहक बनकर आया, मोबाइल लेकर फरार
पहला मामला शमशाबाद रोड स्थित राजपुर चुंगी, राजेश्वर मंदिर के सामने का है। यहां कपड़े और पूजा-पाठ का सामान बेचने वाली दुकान पर शनिवार को बाइक से आया एक युवक ग्राहक बनकर पहुंचा। सामान खरीदने के बहाने उसने दुकानदार को बातचीत में उलझाया और मौका पाते ही दुकानदार का मोबाइल फोन चोरी कर लिया।
पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी का बाइक से आना-जाना साफ नजर आ रहा है। घटना के तुरंत बाद दुकानदार ने कॉल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय थाना पुलिस को अवगत कराते हुए सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है। पुलिस आरोपी की पहचान में जुटी है और आसपास पूछताछ की जा रही है।
ताला टूटा, ₹27 हजार गायब
दूसरी घटना थाना ताजगंज के विभव नगर चौकी क्षेत्र की है, जहां अरोड़ा डेली नीड्स नामक दुकान में बीती रात चोरी हो गई। अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखे करीब ₹27 हजार नकद चोरी कर ले गए।
चोरी के दौरान सामान समेटने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जागे, जिस पर चोर जल्दबाजी में भाग निकले। अफरा-तफरी में चोर अपना बैग और जूते दुकान के पास ही छोड़ गया, जो अब पुलिस के लिए अहम सुराग बन गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ छोड़े गए सामान के आधार पर पहचान की कोशिश तेज कर दी गई है।
पुलिस की कार्रवाई और सवाल
पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। हालांकि, दिन में ग्राहक बनकर चोरी और रात में बेखौफ ताला तोड़ने की घटनाएं यह सवाल उठाती हैं कि पुलिस गश्त और निवारक कदम कितने प्रभावी हैं। व्यापारी वर्ग में दहशत है और वे अतिरिक्त सुरक्षा व सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।