आगरा में चोरों का आतंक, रिश्तेदारी में गए परिवार के घर का ताला तोड़ लाखों के जेवरात और नकदी पार

आगरा। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रहीं। अब चोरों ने टेढ़ी बगिया स्थित अंबेडकर नगर में एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए करीब 15 लाख रुपए की चोरी को अंजाम दिया।

Nov 11, 2025 - 16:51
 0
आगरा में चोरों का आतंक, रिश्तेदारी में गए परिवार के घर का ताला तोड़ लाखों के जेवरात और नकदी पार
टूटी पड़ी अलमारी, चोरों ने इसी से उड़ाए नगदी और जेवर ।

आगरा। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रहीं। अब चोरों ने टेढ़ी बगिया स्थित अंबेडकर नगर में एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए करीब 15 लाख रुपए की चोरी को अंजाम दिया।

जानकारी के मुताबिक अंबेडकर नगर, माता वाली गली निवासी आकाश कुमार अपने परिवार के साथ पैतृक मकान में रहते हैं। 9 नवम्बर की शाम वह अपनी पत्नी के साथ अपने साले को देखने ससुराल गए थे और रात वहीं रुक गए। 10 नवम्बर की सुबह जब वे घर लौटे, तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखा तो अलमारियों और बक्सों के ताले भी टूटे हुए थे और पूरा सामान बिखरा पड़ा था।

घर की तलाशी लेने पर पता चला कि चोर तीन लाख रुपए नगद और करीब 12 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए हैं। आकाश कुमार ने बताया कि घर का बंटवारा अभी नहीं हुआ है, इसलिए सभी भाइयों के गहने एक ही जगह रखे थे।

सूचना पर थाना ट्रांस यमुना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।