आगरा के पिनाहट में सूने घर की कुंडी काटकर लाखों के आभूषण ले उड़े चोर, फूट-फूट कर रोई विधवा

आगरा के पिनाहट कस्बे में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। थाना पिनाहट क्षेत्र के मोहल्ला ताल की पार में सूने पड़े एक घर को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने मुख्य गेट की कुंडी काटी और विधवा महिला के घर से लाखों रुपये के सोने–चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। घटना के बाद पीड़िता बदहवास होकर फूट-फूट कर रो पड़ी।

Dec 31, 2025 - 20:28
 0
आगरा के पिनाहट में सूने घर की कुंडी काटकर लाखों के आभूषण ले उड़े चोर, फूट-फूट कर रोई विधवा
पिनाहट कस्बे में विधवा के घर में हुई चोरी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल करती हुई।

आगरा। जनपद के पिनाहट कस्बे में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला थाना पिनाहट क्षेत्र के मोहल्ला ताल की पार का है, जहां अज्ञात चोरों ने सूने घर को अपना निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार, घर की मालकिन एक विधवा महिला है, जो किसी आवश्यक कार्य से घर से बाहर गई हुई थी। इसी दौरान चोरों ने मुख्य गेट की कुंडी काटकर घर में प्रवेश किया।

घर के अंदर रखे संदूक को खोलकर चोर उसमें रखे लाखों रुपये के सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। पीड़िता ने यह आभूषण अपने पुत्रों की शादी के लिए वर्षों की मेहनत और बचत से बनवाकर सुरक्षित रखे थे। चोरी का पता चलने पर महिला बदहवास हो गई और मौके पर ही फूट-फूट कर रोने लगी। बताया गया है कि महिला घर में अकेली रहती है।

घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से लोगों में गहरा रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अब तक चोरों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।

सूचना मिलने पर थाना पिनाहट पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घर का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है।

SP_Singh AURGURU Editor