आगरा में तीन दुकानों के ताले चटकाए, लाखों का माल समेट ले गए चोर
आगरा। थाना सदर क्षेत्र के बमरौली अहीर मार्ग स्थित स्वामी धाम चौराहे पर चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये का सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।
-बमरौली अहीर मार्ग की घटना, सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी
पहली वारदात विजय मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर में हुई, जो ककुआ गांव निवासी विजय चाहर की दुकान है। चोर यहां से 8 एंड्रॉयड फोन, 6 कीपैड फोन, कंप्यूटर, मरम्मत के लिए आए 8 फोन और 16 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
दूसरी चोरी पास ही स्थित अयोध्या कुंज निवासी निर्मला चाहर की संगिनी वूमन एंड कॉस्मेटिक सेंटर में हुई। यहां से चोर कीमती साड़ियां, अन्य ब्यूटी प्रोडक्ट्स और 7 हजार रुपये नकद ले गए।
तीसरी दुकान जखौदा गांव निवासी सुरेंद्र सिंह की हलवाई की दुकान थी। चोर यहां से दो गैस सिलेंडर चुरा ले गए।
सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो चोरी का पता चला। सभी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पास की दुकान के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दो संदिग्ध युवक चोरी करते नजर आ रहे हैं। फुटेज जब्त कर लिए गए हैं और पुलिस उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।