आगरा में फ्लिपकार्ट हब पर चोरों का धावा, अंतर्राज्यीय गैंग गिरफ्तार, नकदी और स्कॉर्पियो कार बरामद

आगरा के ताजगंज स्थित फ्लिपकार्ट डिलीवरी हब में 11 फरवरी को हुई 3.50 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर पांच अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 2.90 लाख रुपये नकद, स्कॉर्पियो कार, मोबाइल फोन और उपकरण बरामद हुए हैं। गिरोह एटा, बदायूं, हरिद्वार और जयपुर में भी ऐसी वारदातें कर चुका है। पुलिस इनके आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी है।

Feb 21, 2026 - 20:20
 0
आगरा में फ्लिपकार्ट हब पर चोरों का धावा, अंतर्राज्यीय गैंग गिरफ्तार, नकदी  और स्कॉर्पियो कार बरामद
पुलिस की गिरफ्त में चोर।

आगरा। आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र में ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट के डिलीवरी हब में हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वारदात को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के पांच शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से 2.90 लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार, छह मोबाइल फोन और ताला काटने के उपकरण बरामद हुए हैं।

डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास के मुताबिक, 11 फरवरी की रात पंचवटी रोड, ताजगंज फेस-2 स्थित फ्लिपकार्ट डिलीवरी हब का ताला काटकर चोर अंदर घुसे थे। बदमाश दो डॉक्यूमेंट लॉकर, एक कैश लॉकर और कई मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए थे। शुरुआती जांच में करीब 3.50 लाख रुपये की चोरी सामने आई। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की।

बसई मंडी से दबोचे गए आरोपी

पुलिस टीम ने बसई मंडी से मॉलिक्यूल रोड की ओर जाने वाले मार्ग से पांच आरोपियों  आमिर, आस मोहम्मद, शैलेंद्र, अतुल त्यागी और प्रिंस उर्फ दरोगा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि चोरी की रकम आपस में बांट ली गई थी। बरामद 2.90 लाख रुपये खर्च के बाद बचे हुए पैसे हैं।

किराए की कार, फर्जी नंबर प्लेट

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो कार गाजियाबाद से “क्लासिक रेंटल कार” के जरिए किराए पर ली गई थी। कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके। गिरोह सुनियोजित तरीके से विभिन्न जिलों में फ्लिपकार्ट डिलीवरी हब को निशाना बनाता था।

कई राज्यों में फैला नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया है कि गैंग पहले भी एटा और बदायूं में इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। आरोपियों ने पूछताछ में उत्तराखंड के हरिद्वार और राजस्थान के जयपुर में भी चोरी की वारदातें कबूल की हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य आपराधिक इतिहास और नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।

सख्त कार्रवाई की तैयारी

डीसीपी सिटी ने स्पष्ट किया कि गिरोह के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस गैंग से जुड़े और बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं।