फतेहपुरसीकरी क्षेत्र में चोरों ने एक करोड़ रुपये से ज्यादा का सामान चुराया, पुलिस जांच में जुटी 

आगरा। फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत ओलेंडा में चोरों ने करीब एक करोड़ रुपये से अधिक के जेवरात और नगदी पार कर दी। चोरी इस बड़ी घटना से ग्रामीण दहशत में आ गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ ही चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

Jul 25, 2025 - 13:41
 0
फतेहपुरसीकरी क्षेत्र में चोरों ने एक करोड़ रुपये से ज्यादा का सामान चुराया, पुलिस जांच में जुटी 

बताया जाता है कि ग्राम ओलेंडा निवासी बोहरे बृजेश शर्मा के घर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने घर की छत के रास्ते अंदर घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर के अंदर सामान चुराते रहे और घर के सभी सदस्य सोते रहे। चोर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपए की नकदी चुरा कर ले गए हैं।

सुबह जब बृजेश शर्मा का परिवार जगा तो घर में बिखरा हुआ सामान देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को चोरी की घटना की सूचना दी। बृजेश शर्मा ने बताया कि चोर करीब 1 करोड़ रुपए से अधिक का सामान चुरा कर ले गए हैं। 

उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ किलो सोना, करीब ढाई किलो चांदी और 50 हजार नगद चोरी हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुरसीकरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरों की भी तलाश कर रही है। 

गौरतलब है कि इस गांव में करीब 10 दिन पहले भी एक अन्य घर में चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। दस दिन में दूसरी बार चोरी की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पुलिस अब तक पुरानी घटना में लिप्त चोरों का कोई सुराग नहीं लगा सकी है। तब तक चोरों ने दूसरी बड़ी चोरी को अंजाम दे कर पुलिस को चुनौती दे दी है।