आगरा में तीसरा वाटर वर्क्स मंजूर, 412.94 करोड़ की पेयजल योजना से बुझेगी यमुना पार की प्यास

आगरा में यमुना पार क्षेत्र के वर्षों पुराने जल संकट का समाधान अब तय है। अमृत 2.0 कार्यक्रम के तहत 412.94 करोड़ रुपये की आगरा पेयजल पुनर्गठन योजना को मंजूरी मिल गई है, जिसमें यमुना नदी के पानी को शुद्ध करने के लिए पोइया घाट पर अत्याधुनिक एडवांस वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाएगा। इस योजना से करीब 2.75 लाख लोगों को स्वच्छ पेयजल मिलेगा, जबकि 37.72 करोड़ रुपये की अलग योजना से एत्मादपुर नगर पालिका के 30 हजार निवासियों को भी फायदा होगा।

Aug 10, 2025 - 18:51
 0
आगरा में तीसरा वाटर वर्क्स मंजूर, 412.94 करोड़ की पेयजल योजना से बुझेगी यमुना पार की प्यास
होटल पीएल पैलेस में आगरा पेयजल पुनर्गठन योजना (तीसरे वाटर वर्क्स) के बारे में जानकारी देते केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, विधायक डॊ. धर्मपाल सिंह। साथ हैं मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह, भाजपा के महानगर अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता एवं पार्षदगण।

-यमुना पार पोइया घाट पर बनेगा तीसरा वाटर वर्क्स, केंद्रीय मंत्री प्रो. बघेल और विधायक धर्मपाल सिंह ने संयुक्त रूप से दी इसकी जानकारी

-नये जलकल से एत्मादपुर कस्बे में भी ले जाया जाएगा छह एमएलडी पानी, इसके लिए शासन ने 37 करोड़ रुपये अलग से किए हैं मंजूर

आगरा। यमुना पार क्षेत्र में दशकों से चली आ रही जल संकट की समस्या अब खत्म होने वाली है। केंद्रीय राज्य मंत्री और सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल व एत्मादपुर विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह के अथक प्रयासों से अमृत 2.0 कार्यक्रम के अंतर्गत 412.94 करोड़ रुपये की ‘आगरा पेयजल पुनर्गठन योजना (ट्रांस यमुना जोन-1 व जोन-2)’ को स्वीकृति मिल गई है। इसके तहत पोइया घाट पर यमुना पार तीसरा वाटर वर्क्स बनेगा। इसी योजना के साथ 37 करोड़ की पेयजल परियोजना एत्मादपुर के लिए मंजूर हुई है, जिसमें नये वाटर वर्क्स तक छह एमएलडी पानी एत्मादपुर तक ले जाया जाएगा।

केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और एत्मादपुर के विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने होटल पीएल पैलेस में पत्रकारों को यह जानकारी दी। इस मौके पर मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह भी मौजूद रहीं।

किन क्षेत्रों को होगा लाभ
प्रो. बघेल और विधायक डॊ. धर्मपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने बताया कि  योजनान्तर्गत मुख्य रूप से ट्रान्स जमुना जोन-1 व जोन-2 में 11 वार्ड यथा कछपुरा, नाऊ की सराय, भगवती बाग, सीतानगर, ट्रान्स यमुना फेज-1, शाहदरा, नरायच पश्चिम, नरायच पूर्व, यमुना पार प्रकाश नगर, नवलगंज तथा टेडीबगिया के क्षेत्र को पेयजलापूर्ति से लाभान्वित किया जायेगा।

योजना के प्रमुख कार्य

डॊ. धर्मपाल सिंह ने बताया कि योजना के पैकेज-1 में 55 एमएलडी क्षमता का एडवांस डब्ल्यूटीपी, इन्टैक वेल, जैक वेल, एप्रोच ब्रिज, 700 मीटर रॉ वाटर राइजिंग मेन का निर्माण होगा। पैकेज-2 के तहत 11 उच्च जलाशय, 4 भूमिगत जलाशय, 268.79 किमी वितरण प्रणाली, 7.77 किमी राइजिंग मेन, 41.39 किमी फीडर मेन, 55881 पेयजल गृह संयोजन, 33 पंपिंग सेट बनेंगे।

इन कार्यों के लिए फर्म मैसर्स ई.एम.एस. लिमिटेड, नई दिल्ली और मैसर्स जियो मिलर-जैनको (जे.वी.), नई दिल्ली को अनुबंध दिए जा चुके हैं और लगभग 15 दिन में काम शुरू हो जाएगा। उक्त दोनों पैकेजों के समस्त कार्य पूर्ण होने के उपरान्त 55881 नग पेयजल गृह संयोजन के माध्यम से आगरा नगर के ट्रांस यमुना जोन- । एवं ।। क्षेत्र की लगभग 2.75 लाख जनसंख्या को स्वच्छ पेयजल आपूर्ति से लाभान्वित किया जायेगा।

तकनीक और शुद्धिकरण प्रक्रिया
डॊ. धर्मपाल सिंह ने बताया कि पोइया घाट पर बनने वाले एडवांस वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट (वाटर वर्क्स) में एमबीबीआर तकनीक से गंदगी, मिट्टी, बदबू और हानिकारक जीवाणु हटाए जाएंगे। इसके बाद अल्ट्रा फिल्ट्रेशन और रिवर्स ऑस्मोसिस (आरओ) सिस्टम से सूक्ष्म कण, बैक्टीरिया, लवण व शेष हानिकारक तत्व अलग होंगे। अंत में डिसइंफेक्शन प्रक्रिया से पानी पूरी तरह पीने योग्य बनाया जाएगा।

एत्मादपुर नगर पालिका के लिए अलग योजना
केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने बताया कि अमृत 2.0 के तहत 37.72 करोड़ रुपये की एत्मादपुर नगर पालिका पेयजल योजना से 25 वार्डों की करीब 30 हजार की आबादी को फायदा होगा। इसमें 2 उच्च जलाशय, 1 भूमिगत जलाशय, 62.70 किमी वितरण प्रणाली, 8.50 किमी फीडर मेन और 7007 गृह संयोजन बनाए जाएंगे। इस कार्य के लिए मैसर्स एच.एम.एस. इन्फ्राटेक प्रा. लि., आगरा से अनुबंध किया गया है।

इनकी रही मौजूदगी
प्रेसवार्ता में भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, पार्षद गौरव शर्मा, प्रकाश केसवानी, मनीष अवस्थी, विजय वर्मा, गजेंद्र वर्मा, बनवारी लाल, प्रियंका अग्रवाल, सुनीता चौहान, मंगल सिंह चौहान, मनवीर सिंह चौहान, डॉ. रामनिवास मुद्गल, सुनील करमचंदानी, रोहित कत्याल, विक्रांत तिवारी आदि भी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor