आगरा में सुनार को लूटने वाले तीन बदमाश पुलिस ने एनकाउंटर के बाद दबोचे, एक के पैर में गोली

आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के बिचपुरी इलाके में 17 मार्च 2026 को हुई सनसनीखेज सुनार लूट कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस, सर्विलांस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में पथौली नहर के पास मुठभेड़ के दौरान तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान हुई फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Mar 23, 2026 - 12:29
 0
आगरा में सुनार को लूटने वाले तीन बदमाश पुलिस ने एनकाउंटर के बाद दबोचे, एक के पैर में गोली
जगदीशपुरा पुलिस द्वारा एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किये गये लुटेरे।

मुठभेड़ में तीनों बदमाश गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित गोस्वामी, अंकित भगौर और प्रिंस के रूप में हुई है। यह तीनों 17 मार्च को बिचपुरी क्षेत्र में एक सुनार से लूट की वारदात में शामिल थे। घटना के बाद से ही पुलिस इनकी तलाश में जुटी हुई थी।

पथौली नहर के पास हुई आमने-सामने की भिड़ंत

सूचना के आधार पर पुलिस और एसओजी टीम ने पथौली नहर के पास घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें रोहित गोस्वामी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद तीनों को मौके से दबोच लिया गया।

हथियार, बाइक और लूट का माल बरामद

गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, जिंदा कारतूस, अपाचे बाइक और लूटे गए सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

अस्पताल में चल रहा इलाज, पूछताछ जारी

घायल आरोपी रोहित गोस्वामी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं अन्य दोनों आरोपियों से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है, जिससे लूटकांड से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा हो सकता है।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor