रिवर कनेक्ट कैंपेन के 11 वर्ष पूर्ण होने पर तीन दिवसीय जलसे की शुरुआत

आगरा। शुक्रवार की शाम यमुना पूजन और संकल्प हवन के साथ रिवर कनेक्ट कैंपेन के ग्यारह वर्ष पूरे होने का उत्सव शुरू किया गया। इस अवसर पर गोस्वामी नंदन श्रोत्रिय ने दुग्धाभिषेकम के साथ यमुना मैया की पूजा-अर्चना की।

Mar 28, 2025 - 21:00
 0
रिवर कनेक्ट कैंपेन के 11 वर्ष पूर्ण होने पर तीन दिवसीय जलसे की शुरुआत
रिवर कनेक्ट कैंपेन के 11 वर्ष पूर्ण होने पर शुक्रवार को यमुना आरती स्थल पर हवन करते संस्था के पदाधिकारी और गणमान्य लोग।

इसके बाद राहुल राज ने यमुना जी के निर्मल और अविरल प्रवाह के लिए हवन का आयोजन कराया, जिसमें डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य, डॉ. हरेंद्र गुप्ता, पंडित जगन प्रसाद, पंडित चतुर्भुज तिवारी तथा अन्य सम्मानित व्यक्तियों ने भाग लिया।

रिवर कनेक्ट कैंपेन के संयोजक ब्रज खंडेलवाल ने बताया कि एक अप्रैल 2014 से यमुना आरती का आयोजन एत्मादुद्दौला व्यू प्वाइंट पर नियमित रूप से किया जा रहा है। यह प्रयास शहरवासियों को यमुना नदी की दुर्दशा और वेदना के प्रति जागरूक करने का एक महत्वपूर्ण कदम है। कैंपेन अविरल, निर्मल यमुना के लिए बैराज की मांग कर रहा है, जबकि नदी की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

श्री खंडेलवाल ने बताया कि उत्सव के अगले दिन (शनिवार को) शाम पांच बजे से एक गोष्ठी का आयोजन होगा। इस गोष्ठी का विषय "यमुना निर्मल कैसे हो" पर केंद्रित होगा। इसका संचालन वरिष्ठ पत्रकार ऋषि दीक्षित करेंगे।

यह जलसा यमुना की स्वच्छता और संरक्षण के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सभी से अनुरोध है कि वे इस महान कार्य में भागीदारी करें।