आगरा में मां पीतांबरा प्राकट्य दिवस पर तीन दिनी उत्सव, ध्वज यात्रा से महायज्ञ तक श्रद्धा का विराट संगम

आगरा के वजीरपुरा स्थित सीताराम मंदिर में मां पीतांबरा देवी के प्राकट्य दिवस पर तीन दिवसीय पंचम वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन होने जा रहा है, जिसकी तैयारियों के तहत आमंत्रण पत्र का विधिवत विमोचन कर श्रद्धालुओं को शामिल होने का आह्वान किया गया।

Apr 20, 2026 - 18:37
 0
आगरा में मां पीतांबरा प्राकट्य दिवस पर तीन दिनी उत्सव, ध्वज यात्रा से महायज्ञ तक श्रद्धा का विराट संगम
सीताराम मंदिर में मां पीतांबरा देवी प्राकट्य दिवस एवं पंचम वार्षिक उत्सव के आमंत्रण पत्र का विमोचन करते महंत अनंत उपाध्याय, मनीष अग्रवाल, पंडित मुकेश शर्मा, डॉ. हरेंद्र गुप्ता, सूरज तिवारी, संजय चौहान, पंकज शास्त्री, मनोज अग्रवाल, दीपक गुप्ता आदि।

आगरा। भक्ति, आस्था और शक्ति साधना का अद्भुत संगम बनने जा रहा है वजीरपुरा स्थित सीताराम मंदिर, जहां मां पीतांबरा सेवा समिति द्वारा पंचम वार्षिक उत्सव एवं प्राकट्य दिवस को लेकर आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया।

इस अवसर पर मंदिर के महंत अनंत उपाध्याय ने बताया कि वैशाख शुक्ल पक्ष अष्टमी को मां पीतांबरा देवी का प्राकट्य हुआ था। इसी पावन तिथि पर पांच वर्ष पूर्व मंदिर परिसर में मां बगलामुखी की प्रतिमा स्थापित की गई थी, जिसके बाद से प्रतिवर्ष इस दिन को भव्य उत्सव के रूप में मनाया जाता है।

श्री कृष्ण लीला महोत्सव समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने जानकारी दी कि इस वर्ष उत्सव को तीन दिवसीय स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। 22 अप्रैल को शाम 5:30 बजे आमंत्रण एवं ध्वज यात्रा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। 23 अप्रैल को शाम 6:30 बजे मेहंदी कार्यक्रम एवं माता की चौकी का आयोजन मंदिर परिसर में किया जाएगा।

24 अप्रैल को मुख्य आयोजन के तहत सुबह 8 बजे मां पीतांबरा का अभिषेक, श्रृंगार दर्शन एवं फूल बंगला सजाया जाएगा। दोपहर 12 बजे नवकुंडीय महायज्ञ का आयोजन होगा, जिसमें 11,000 आहुतियां दी जाएंगी। इस यज्ञ में एक समय में 100 से अधिक श्रद्धालु सहभागिता करेंगे और प्रत्येक दो माला के पश्चात पारी बदली जाएगी।

संध्या 5 बजे कन्या पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

आईएमए के अध्यक्ष डॉ. हरेंद्र गुप्ता ने बताया कि विशेष आकर्षण के रूप में 24 अप्रैल को प्रातः 9 बजे एवं रात्रि 8 बजे बैंड बाजों के साथ मां की भव्य महाआरती की जाएगी, जो भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।

पंडित मुकेश शर्मा ने बताया कि मंदिर में पिछले एक दशक से प्रत्येक शनिवार रात्रि मां पीतांबरा का विशेष हवन नियमित रूप से होता आ रहा है। इसी परंपरा को विस्तार देते हुए इस वर्ष पहली बार नवकुंडीय महायज्ञ आयोजित किया जा रहा है, जिसका धार्मिक महत्व अत्यंत विशेष है।

समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर मां का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।

इस अवसर पर सूरज तिवारी, डॉ. संजीव नेहरू, संजय चौहान, पंकज शास्त्री, मनोज अग्रवाल, दीपक गुप्ता, हनी, आयुष उपाध्याय, सौरभ शर्मा, कृष्णा मिठास सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor