उटंगन नदी में मवेशियों को बचाने उतरे तीन दोस्त डूबे, दो बचा लिए गए, तीसरे की तलाश जारी

फतेहाबाद(आगरा)। बरसात के मौसम में उटंगन नदी में एक हादसा हुआ है। फतेहाबाद थाना क्षेत्र के रिहावली गांव के तीन युवक सोमवार को अपने पशुओं को नदी से पानी पिलाने ले गए थे, लेकिन अचानक मवेशियों के नदी में उतर जाने से उन्हें निकालने की कोशिश में तीनों युवक पानी की धारा में बह गए। ग्रामीण तैराकों की तत्परता से दो युवकों को बचा लिया गया है, जबकि एक युवक अब भी लापता है, जिसकी तलाश लगातार जारी है।

Jul 6, 2025 - 13:34
 0
उटंगन नदी में मवेशियों को बचाने उतरे तीन दोस्त डूबे, दो बचा लिए गए, तीसरे की तलाश जारी
फतेहाबाद थाना क्षेत्र में रिहावली गांव के पास उटंगन में बहे युवक की तलाश के दौरान मौके पर मौजूद भीड़।

ग्रामीण युवाओं ने दो को बचा लिया पर तीसरा डूब गया

घटना रविवार की सुबह फतेहाबाद और पिढौरा थाना क्षेत्रों की सीमा पर स्थित उटंगन नदी के बांध के पास की है। गांव रिहावली के तीन दोस्त अपने मवेशियों को नदी पर पानी पिलाने लाए थे। इसी दौरान कुछ मवेशी नदी की गहराई में चले गए। उन्हें बचाने के प्रयास में तीनों युवक भी नदी में उतर गए। नदी का बहाव तेज होने के कारण तीनों गहराई में चले गए और डूबने लगे।

पास ही खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने शोर सुनकर तुरंत नदी की ओर दौड़ लगाई। गांव के तैराक युवकों ने बहादुरी दिखाते हुए दो दोस्तों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

तीसरे युवक की तलाश में जुटी पुलिस और गोताखोर

डूबे हुए तीसरे युवक की शिनाख्त रिहावली निवासी रामवीर (22) के रूप में हुई है, जो अभी तक लापता है। फतेहाबाद और पिढौरा थानों की पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है। गोताखोरों की टीम को भी बुला लिया गया है जो नदी के भीतर युवक की तलाश में जुटी हुई है।

लापता युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में सन्नाटे का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से भी लोग मौके पर पहुंच गए हैं।

बरसात के मौसम में नदी के बहाव से खतरा

ग्रामीणों के अनुसार बरसात के समय उटंगन नदी का बहाव बहुत तेज हो जाता है। बांध के पास नदी की गहराई अचानक बढ़ जाती है, जिससे वहां हादसे की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद आसपास के ग्रामीण जानवरों को पानी पिलाने के लिए वहां पहुंचते हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नदी के संवेदनशील क्षेत्रों पर चेतावनी बोर्ड और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

इलाज के लिए भेजे गए दो युवक

नदी से सुरक्षित निकाले गए दोनों युवकों को ग्रामीणों ने तुरंत इलाज के लिए फतेहाबाद के सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) भिजवाया है। दोनों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor