बरेली से लापता तीन नाबालिग लड़कियां छह घंटे में मुरादाबाद से बरामद, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
-आरके सिंह- बरेली। बरेली शहर से अचानक लापता हुईं तीन मुस्लिम नाबालिग लड़कियों को थाना बारादरी पुलिस ने महज 6 घंटे में मुरादाबाद से सकुशल बरामद कर लिया। परिजनों ने राहत की सांस लेते हुए कहा- खुदा का लाख-लाख शुक्र है कि बच्चियां गलत हाथों में जाने से बच गईं।
थाना प्रभारी धनंजय कुमार पाण्डेय के अनुसार, 14 अगस्त की रात 10:30 बजे एक महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बेटी और दो भतीजियां शाम 4 बजे शाहदाना मजार पर गई थीं, लेकिन घर नहीं लौटीं। खोजबीन में पता चला कि एक भतीजी का मोबाइल बंद है। शिकायत पर धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज हुआ।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस और सर्विलांस प्रभारी सत्येंद्र मोतला की संयुक्त टीम बनाई। टीम ने मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और रेलवे/बस स्टैंड के वेंडरों की मदद से लड़कियों का पता लगाया।
महज 6 घंटे के भीतर, हेड कांस्टेबल देवेंद्र सिंह और कांस्टेबल प्रसून पटेल की सक्रियता से तीनों लड़कियां मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के पास से मिलीं।
पूछताछ में तीनों ने बताया कि वे घरवालों की छोटी-छोटी बातों पर टोका-टाकी और बाहर जाने पर पाबंदी से नाराज थीं। उन्होंने तय किया था कि दिल्ली जाकर काम करेंगी और मनमर्जी से जीवन बिताएंगी। लेकिन मुरादाबाद पहुंचते ही डर लगने लगा और मोबाइल भी डिस्चार्ज हो गया, जिसके बाद वे रेलवे स्टेशन के पास बैठी थीं, तभी पुलिस और परिजन पहुंच गए।
परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की खुलकर तारीफ की। थाना प्रभारी ने कहा कि समय पर बरामदगी से बच्चियों का भविष्य अंधकार में जाने से बचा है।