बरेली में एक ही परिवार की तीन नाबालिग बहनें स्कूल से लापता, दो बरामद, एक की तलाश जारी

बरेली। जिले के थाना अलीगंज क्षेत्र में एक ही परिवार की तीन नाबालिग सगी बहनें स्कूल से घर लौटते समय रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गईं। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो किशोरियों को बरामद कर लिया है, जबकि तीसरी की तलाश अभी जारी है।

Apr 11, 2025 - 15:26
 0
बरेली में एक ही परिवार की तीन नाबालिग बहनें स्कूल से लापता, दो बरामद, एक की तलाश जारी

अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी, आईपीएस अंशिका वर्मा ने बताया कि किशोरियों के पिता द्वारा 10 अप्रैल को थाना अलीगंज में अपनी तीन बेटियों की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। गुमशुदा लड़कियों की उम्र क्रमशः 16, 12 और 10 वर्ष है।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए छह विशेष टीमों का गठन किया और साथ ही जीआरपी से भी सहयोग लिया गया। संयुक्त प्रयासों के चलते दो बहनों को बरामद कर लिया गया है। तीसरी किशोरी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।

लड़कियों के पिता का कहना है कि 9 अप्रैल की सुबह तीनों बेटियां प्रताप इंटर कॉलेज, अलीगंज में पढ़ने गई थीं। छुट्टी के बाद जब वे घर नहीं लौटीं, तो परिजनों ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने पुलिस की मदद ली। स्कूल प्रशासन से जानकारी मिली कि तीनों छुट्टी के बाद घर के लिए निकल गई थीं।

फिलहाल बरामद की गई किशोरियों से पूछताछ की जा रही है और तीसरी के संबंध में सभी संभावित स्थानों पर छानबीन की जा रही है।