ठक-ठक गैंग के तीन बदमाश गिरफ्तार, पुलिस के साथ मुठभेड़ में दो घायल
आगरा। शहर में मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले ठक-ठक गैंग के तीन शातिर बदमाशों को थाना हरीपर्वत पुलिस ने सोमवार सुबह मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। इस दौरान दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीसरे आरोपी को पुलिस ने मौके से दबोच लिया।
-पुलिस की जवाबी कार्रवाई में टूटी ठक-ठक गैंग की कमर, कार और असलहा बरामद
घटना सुबह आईएसबीटी के पास हुई, जब चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान कार सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में जावेद और दानिश नाम के दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। सादिक नामक तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
ठक-ठक गैंग का काम करने का तरीका
पुलिस के अनुसार इस गैंग के सदस्य कार रोकने के लिए शीशे पर ठक-ठक करते थे। बातचीत के बहाने लोगों का ध्यान भटकाते और मौका पाकर मोबाइल और कीमती सामान पर हाथ साफ कर देते थे।
गैंग का आपराधिक इतिहास
एसीपी विनायक भोंसले के अनुसार, यह बदमाश मेरठ के कुख्यात ठक-ठक गैंग से जुड़े हैं। इनका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। घटनाओं में प्रयुक्त कार और असलहा बरामद कर लिया गया है।