राष्ट्रीय स्तर के शिविरों से लौटे तीन एनएसएस स्वयंसेवकों का आगरा कॊलेज में हुआ सम्मान

आगरा। आगरा कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने सोमवार को राष्ट्रीय स्तर के शिविरों से लौटे तीन प्रतिभाशाली स्वयंसेवकों भव्या सोनी, उत्कर्ष कुमार और निक्की शर्मा का भव्य स्वागत और सम्मान समारोह आयोजित किया। इन युवाओं ने राष्ट्रीय शिविरों में अनुकरणीय प्रदर्शन कर न केवल महाविद्यालय बल्कि विश्वविद्यालय का भी नाम गौरवान्वित किया है।

Nov 18, 2025 - 12:27
 0
राष्ट्रीय स्तर के शिविरों से लौटे तीन एनएसएस स्वयंसेवकों का आगरा कॊलेज में हुआ सम्मान
एनएसएस के तीन स्वयंसेवकों के सम्मान समारोह के मौके पर मौजूद अन्य स्वयंसेवक और शिक्षकगण।

समारोह में सबसे पहले कार्यक्रम अधिकारियों एवं वरिष्ठ एनएसएस स्वयंसेवकों ने पुष्पगुच्छ एवं सम्मान प्रतीक देकर तीनों प्रतिभागियों का स्वागत किया। इनमें से भव्या सोनी ने हिमाचल प्रदेश के मनाली में आयोजित राष्ट्रीय साहसिक शिविर 2025 में भाग लिया। उत्कर्ष कुमार ने मध्य क्षेत्र, ग्वालियर में आयोजित पूर्व गणतंत्र दिवस परेड चयन शिविर 2025 में कॉलेज का प्रतिनिधित्व किया। निक्की शर्मा ने भी ग्वालियर में आयोजित पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान तीनों स्वयंसेवकों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिविरों ने आत्मविश्वास, नेतृत्व कौशल और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत किया।

महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने स्वयंसेवकों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा, इन छात्रों ने न केवल एनएसएस की गरिमा बढ़ाई है, बल्कि कॉलेज की प्रतिष्ठा को नई ऊँचाइयों पर पहुंचाया है।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. आनंद प्रताप सिंह ने इन उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को एनएसएस का गौरव बताया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारी डॉ. रविशंकर सिंह, डॉ. सत्यदेव शर्मा, डॉ. अविनाश जैन, डॉ. सुरेंद्रपाल सिंह और डॉ. ललिता सिंह ने भी प्रतिभागियों की प्रशंसा की।

वरिष्ठ स्वयंसेवकों मोहम्मद कादिर, मुस्तकीम, अंजली, नितेश कुशवाह, नीलम, मौली, नीरज और एनएसएस की पूरी इकाई ने इस अवसर पर उपस्थित होकर छात्रों का उत्साहवर्धन किया।

SP_Singh AURGURU Editor