आगरा में तीन रोड एक्सीडेंटः अलग-अलग जगह एक महिला की मौत, दर्जन भर घायल
आगरा। जिले के शनिवार को तीन थाना क्षेत्रों में सड़क हादसे हुए। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दुर्घटनाओं में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दर्जनभर से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घटनाओं के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पिनाहट थाना क्षेत्र के गांव बीच का पुरा में शुक्रवार को दो बाइकों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में तीन युवक और दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
इधर, थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के बिचपुरी चौकी के पास एक टेंपो में सवार होने जा रही महिला को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। घायल महिला को उपचार के लिए सीएचसी फतेहाबाद भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने महिला की शिनाख्त कर शव को पोस्टमार्टम ग्रह भेज दिया।
तीसरी घटना अछनेरा-आगरा मार्ग पर घटी, जहां अछनेरा से आगरा आ रहे एक यात्री टेंपो को पीछे से आ रही टाटा इंडिगो कार ने ओवरटेक करते समय जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो और कार दोनों पलट गए। हादसे में टेंपो में बैठे छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
लगातार हो रहे इन सड़क हादसों ने शहर में ट्रैफिक सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।