तंबाकू की लत है इलाज योग्य मानसिक विकार: एसएन मेडिकल कॉलेज में जागरूकता अभियान

आगरा। सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज के मनोचिकित्सा विभाग द्वारा विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर दो दिवसीय जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सौ से अधिक मरीजों और तीमारदारों को तंबाकू से होने वाली बीमारियों, मानसिक प्रभावों और नशा मुक्ति के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

May 31, 2025 - 11:42
 0
तंबाकू की लत है इलाज योग्य मानसिक विकार: एसएन मेडिकल कॉलेज में जागरूकता अभियान
एसएन मेडिकल कॉलेज के मनोचिकित्सा विभाग द्वारा आयोजित तंबाकू निषेध कार्यक्रम के अंतर्गत चिकित्सक वार्डों में मरीजों और तीमारदारों को तंबाकू के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए।  

-विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर दो दिवसीय कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक और विशेषज्ञ परामर्श से जागरूक हुआ जनमानस

कार्यक्रम का नेतृत्व विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. विशाल सिन्हा के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर डॉ. अशुतोष कुमार, डॉ. कश्यपी गर्ग और प्रो. डॉ. वर्तिका सहित मनोचिकित्सा एवं सामुदायिक चिकित्सा विभाग के विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

डॉ. कश्यपी गर्ग ने बताया कि तंबाकू सिर्फ फेफड़े या हृदय को ही नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी गहरा नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि भारत में हर साल करीब 13 लाख मौतें तंबाकूजनित बीमारियों के कारण होती हैं।

डॉ. अशुतोष कुमार ने इसे सिर्फ एक आदत नहीं बल्कि  ‘उपचार योग्य मानसिक और व्यवहारिक विकार’ बताया। उन्होंने युवाओं में बढ़ते वेपिंग, गुटखा और बीड़ी के चलन को खतरनाक बताया।

इस अवसर पर एमबीबीएस इंटर्न्स द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। नाटक के माध्यम से बताया गया कि तंबाकू सेवन न केवल स्वयं को, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है।

निःशुल्क तंबाकू निषेध क्लिनिक की जानकारी देते हुए विशेषज्ञों ने बताया कि कॉलेज में फार्माकोथेरेपी, मोटिवेशन एनहांसमेंट थेरेपी और संक्षिप्त मनोचिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा, ‘तंबाकू की लत छोड़ना संभव है, यदि जागरूकता, समय पर परामर्श और दृढ़ इच्छाशक्ति हो। मेडिकल कॉलेज इसके लिए संपूर्ण व्यवस्था प्रदान करता है।‘

SP_Singh AURGURU Editor