आगरा में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर कल 21 लाख बच्चों-किशोरों को खिलाई जाएगी दवा

आगरा। जनपद में स्वास्थ्य विभाग द्वारा सोमवार (11 अगस्त) को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। इसके तहत एक से 19 वर्ष तक के लगभग 21 लाख बच्चों और किशोर-किशोरियों को पेट के कीड़े निकालने वाली एल्बेंडाजोल दवा वितरित की जाएगी। विभाग ने सलाह दी है कि कृमि संक्रमण से बचाव के लिए दवा के साथ-साथ स्वच्छता, साफ पानी और पोषण का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है।

Aug 10, 2025 - 20:23
 0
आगरा में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर कल 21 लाख बच्चों-किशोरों को खिलाई जाएगी दवा

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि इस दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमें स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों पर जाकर बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाएंगी। 14 अगस्त को मॉपअप राउंड भी चलेगा, जिसमें दवा खाने से छूटे हुए बच्चों को कवर किया जाएगा।

डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत हर साल दो बार यह दवा दी जाती है, क्योंकि कृमि संक्रमण बच्चों में एनीमिया व कुपोषण का कारण बनता है और मानसिक-शारीरिक विकास बाधित करता है। इसलिए बच्चों व किशोरों को समय पर दवा देना बेहद आवश्यक है।

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने बताया कि फरवरी 2025 में हुए अभियान में 18 लाख बच्चों को दवा दी गई थी, जिसमें 10 लाख लड़के और 8 लाख लड़कियां शामिल थीं। इस बार 21 लाख बच्चों-किशोरों को दवा दी जाएगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता 1 से 5 साल तक के बच्चों को दवा खिलाएंगी, जबकि 6 से 19 वर्ष तक के स्कूल जाने वाले बच्चों को शिक्षक की सहायता से दवा दी जाएगी। दवा बच्चों के सामने चबाकर खिलाई जाएगी, इसे बाद में न खिलाने का कड़ाई से पालन होगा।

राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि गोपाल ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्कूल न जाने वाले 6 से 19 वर्ष के बच्चों और श्रमिक परिवारों के बच्चों को भी दवा पहुंचाई जाएगी। किशोर जुवेनाइल होम में भी प्रभारी अधीक्षक के माध्यम से दवा वितरण होगा।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला सामुदायिक प्रक्रिया प्रबंधक डॉ. विजय सिंह ने बताया कि 1-2 वर्ष के बच्चों को आधी गोली और 2-19 वर्ष के बच्चों को पूरी गोली दी जाएगी। छोटे बच्चों को गोली पीसकर देना होगा, जबकि बड़े बच्चे इसे चबाकर खा सकेंगे।

SP_Singh AURGURU Editor