ताजगंज की सुरक्षा में व्यापारी संगठन की बड़ी भूमिका, 500 मीटर बाजार संगठन सम्मानित

आगरा। ताजमहल के आसपास के संवेदनशील पर्यटन क्षेत्र की निगरानी को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ‘ताजगंज 500 मीटर बाजार संगठन’ द्वारा लगाए गए 11 सीसीटीवी कैमरे अब स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत नगर निगम को हैंडओवर कर दिए गए हैं। इस जनसहयोगात्मक सुरक्षा प्रयास के लिए नगर निगम ने संगठन को सम्मानित किया।

Jun 24, 2025 - 20:40
 0
ताजगंज की सुरक्षा में व्यापारी संगठन की बड़ी भूमिका, 500 मीटर बाजार संगठन सम्मानित
ताजगंज के 500 मीटर व्यापारी संगठन पदाधिकारियों को सर्टिफिकेट प्रदान करती नगर निगम की टीम।  

-स्मार्ट सिटी मिशन के तहत सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग अब 45 दिन तक सुरक्षित

यह सम्मान संगठन को एक वर्ष में दूसरी बार प्रदान किया गया है। कैमरे ताजगंज के मुख्य व्यापारिक व पर्यटक मार्गों पर रणनीतिक रूप से लगाए गए हैं, जिनकी रिकॉर्डिंग अवधि पहले 7 दिन थी, लेकिन अब इसे 45 दिन तक बढ़ा दिया गया है, जिससे सुरक्षा निगरानी और अपराध नियंत्रण में बड़ी मदद मिलेगी।

संस्थापक चेतन अरोड़ा ने कहा कि जनसहयोग से जब सरकार और जनता एकजुट होकर काम करते हैं तो परिणाम सराहनीय होते हैं। उन्होंने बताया कि ताजगंज के व्यापारी समुदाय ने सामूहिक रूप से यह पहल की, जिससे क्षेत्र को सुरक्षित और निगरानीयुक्त बनाया जा सके।

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल की टीम ने प्रमाणपत्र भेंट कर संगठन की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल शहर के लिए आदर्श है, बल्कि अन्य बाजार संगठनों को भी प्रेरित करती है। यदि शहर के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में ऐसे प्रयास किए जाएं, तो आगरा को स्मार्ट और सुरक्षित सिटी बनाना आसान होगा।

सम्मान समारोह में ये उपस्थित रहे

समारोह में रविंद्र वर्मा (संस्थापक), कृष्ण मुरारी अग्रवाल (अध्यक्ष), बृजमोहन अरोड़ा (उपाध्यक्ष), रामकुमार प्रजापति, शिवनाथ जादौन, नरेश सेहगल, राम गोयल, पवन शिवहरे, गोविंद वर्मा, राहुल शिवहरे, अंजुम भाई, स्माइलुद्दीन, अली हुसैन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor