ताजमहल के 500 मीटर दायरे में रहने वाले व्यापारियों को राहत की उम्मीद, कलेक्ट्रेट पहुंचे ताजगंज व्यापारी

आगरा। ताजमहल के आसपास 500 मीटर के दायरे में निवास कर रहे व्यापारियों और स्थानीय निवासियों की समस्याओं को लेकर सोमवार को ताजगंज व्यापार मंडल (रजि.) का एक प्रतिनिधि मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर के नेतृत्व में जिला अधिकारी कार्यालय, कलेक्ट्रेट पहुंचा। प्रतिनिधि मंडल ने प्रशासन के समक्ष क्षेत्रीय व्यापारियों के शोषण और अनावश्यक उत्पीड़न का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

Dec 16, 2025 - 19:11
 0
ताजमहल के 500 मीटर दायरे में रहने वाले व्यापारियों को राहत की उम्मीद, कलेक्ट्रेट पहुंचे ताजगंज व्यापारी
सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देते ताजगंज व्यापार मण्डल के पदाधिकारी ।

आगरा। ताजमहल के आसपास 500 मीटर के दायरे में निवास कर रहे व्यापारियों और स्थानीय निवासियों की समस्याओं को लेकर सोमवार को ताजगंज व्यापार मंडल (रजि.) का एक प्रतिनिधि मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर के नेतृत्व में जिला अधिकारी कार्यालय, कलेक्ट्रेट पहुंचा। प्रतिनिधि मंडल ने प्रशासन के समक्ष क्षेत्रीय व्यापारियों के शोषण और अनावश्यक उत्पीड़न का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

व्यापार मंडल ने आरोप लगाया कि ताजमहल के 500 मीटर के भीतर रहने वाले व्यापारियों को आरटीओ विभाग के कर्मचारियों द्वारा छोटी-छोटी कमियों के नाम पर बार-बार परेशान किया जाता है। नए पास बनवाने के लिए व्यापारियों को आरटीओ कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि पूर्व की तरह थाना ताजगंज या शिल्पग्राम परिसर में आरटीओ का कैंप लगाया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।

अध्यक्ष राजेश राठौर ने बताया कि जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में सिटी मजिस्ट्रेट वेद सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपा गया। व्यापार मंडल के महामंत्री राकेश अग्रवाल ने कहा कि ताजमहल के 500 मीटर के दायरे में यदि कोई भी निवासी अपने घर की मरम्मत या रिपेयरिंग कराता है, तो संबंधित विभागों द्वारा उसे अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है, जो पूरी तरह अनुचित है।

सिटी मजिस्ट्रेट वेद सिंह चौहान ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वासन दिया कि शीघ्र ही ताजगंज क्षेत्र में आरटीओ द्वारा नए पास वितरण का कैंप लगाया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी व्यापारी या निवासी को बेवजह परेशान नहीं किया जाएगा और सभी लोग नियमों के अंतर्गत अपने मकानों की मरम्मत का कार्य कर सकेंगे।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से अध्यक्ष राजेश राठौर, महामंत्री राकेश अग्रवाल, रणवीर सिंह राठौर, राकेश राठौर, राजीव कोहली, दिलीप राठौर, रवि माहौर, मनोज जादौन, श्रीप्रकाश गुप्ता, सतीश जादौन, सुनील राठौर सहित अन्य व्यापारी और पदाधिकारी उपस्थित रहे।