आगरा में कपड़ा उद्योग को नई उड़ान के लिए व्यापारियों ने उठाई गारमेंट हब बनाने की मांग

आगरा रेडीमेड गारमेंट्स एसोसिएशन द्वारा होटल भावना क्लार्क्स इन में आयोजित तीन दिवसीय ऑटम-विन्टर कलेक्शन फेयर 2025 का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष गिर्राज अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। तीन दिनों तक चले आयोजन में 500 से अधिक व्यापारियों, निर्माताओं और खरीदारों ने भागीदारी की।

Jul 23, 2025 - 18:26
 0
आगरा में कपड़ा उद्योग को नई उड़ान के लिए व्यापारियों ने उठाई गारमेंट हब बनाने की मांग
ऑटम-विन्टर कलेक्शन फेयर 2025 के बुधवार को समापन के मौके पर आयोजन समिति के पदाधिकारियों को सम्मानित करते गिर्राज अग्रवाल एवं अन्य।

-ऑटम-विन्टर कलेक्शन फेयर 2025 का समापन, 500 से अधिक विजिटर्स ने किया अवलोकन

व्यापारियों ने सरकार से की गारमेंट हब की मांग

कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने आगरा में गारमेंट हब की आवश्यकता को लेकर जोरदार मांग उठाई। एसोसिएशन अध्यक्ष सुनील जैन, महासचिव गौरव जैन, कोषाध्यक्ष शैलेष खंडेलवाल और डीके भसीन ने बताया कि सरकार को सिकन्दरा इंडस्ट्रियल एरिया में 15-20 बीघा जमीन पर गारमेंट हब विकसित करना चाहिए, जिसमें चौड़ी सड़कें, बड़ी नालियां, बिजली, सुरक्षा और सब्सिडी प्लॉट उपलब्ध कराए जाएं।

गौरव जैन ने जानकारी दी कि वर्ष 2020 में इसका एक विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया गया था, लेकिन कोविड के चलते योजना को आगे नहीं बढ़ाया जा सका। अब पुनः यह मांग जोर पकड़ रही है।

छोटे गारमेंट मैन्युफैक्चरर्स के लिए सुविधाओं की कमी

आगरा में सैकड़ों छोटे गारमेंट उत्पादक और होलसेल व्यापारी तंग गलियों में कार्य कर रहे हैं। सुविधाओं के अभाव में कई व्यापारी घरों में ही फैक्ट्रियां चला रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि यदि सुविधायुक्त गारमेंट हब विकसित किया जाए तो प्रदूषण रहित गारमेंट इंडस्ट्री को बढ़ावा मिल सकता है और आगरा एक प्रमुख कपड़ा व्यापार केंद्र बन सकता है।

समारोह में समिति को दिए गये स्मृति चिन्ह

समापन समारोह में आयोजन समिति के सभी पदाधिकारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला महामंत्री दीपक शर्मा और एसोसिएशन से जुड़े सौरभ जैन, कमल जैन, सुधांशु खंडेलवाल, ऋषभ गुप्ता, अमित अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, संजय जैन, महेन्द्र कुमार, शुभम जैन, विकास मेहता, किशोर बुधरानी, अनुराग गोयल, मेघराज दयालनी सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor