व्यापारियों का सम्मान बढ़ा, कारोबार आसान हुआ: बरेली में युवा व्यापारियों के शिविर में सुनील सिंघी ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां
-आरके सिंह- बरेली। राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुनील सिंघी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड की स्थापना के बाद देश के व्यापारियों का सम्मान बढ़ा है और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाने लगा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पुराने कर कानूनों में सुधार किए गए हैं, व्यापारिक प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया है तथा वोकल फॉर लोकल और जीएसटी 2.0 जैसी पहल के माध्यम से व्यापारियों को व्यापक लाभ मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में बिजली व्यवस्था और कानून-व्यवस्था में हुए सुधारों ने व्यापार करना पहले की अपेक्षा कहीं अधिक आसान बना दिया है।
सुनील सिंघी पीलीभीत बायपास रोड स्थित स्पर्श रिजॉर्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के युवा प्रशिक्षण शिविर को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस शिविर में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से लगभग 600 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
50 वर्ष पुरानी मांग पूरी होने का दावा
अपने संबोधन में सुनील सिंघी ने कहा कि व्यापारियों की लगभग 50 वर्ष पुरानी मांग को स्वीकार करते हुए केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन किया। बोर्ड का उद्देश्य व्यापारियों के हितों की रक्षा करना, उनकी समस्याओं का समाधान करना तथा ऐसे कानूनों में सुधार कराना है जो व्यापारिक गतिविधियों में बाधा उत्पन्न करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने निर्यात के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। यूरोपीय संघ के साथ हुए समझौतों के परिणामस्वरूप भारत को 27 देशों में न्यूनतम शुल्क दरों पर निर्यात का अवसर मिलेगा, जिससे देश के व्यापार और उद्योग को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुनील सिंघी ने दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर का उद्देश्य युवा व्यापारियों को संगठन, नेतृत्व, व्यापारिक प्रबंधन और आर्थिक चुनौतियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित करना था।
संगठन में ही उन्नति का सूत्र: संजीव अग्रवाल
प्रथम सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए बरेली कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि व्यापार, परिवार और राष्ट्र तभी तक उन्नति करते हैं जब तक वे संगठित रहते हैं। जैसे ही उनमें विघटन की स्थिति पैदा होती है, विकास और प्रगति के रास्ते अवरुद्ध होने लगते हैं। उन्होंने व्यापारियों से संगठन को मजबूत बनाने और सामूहिक शक्ति का उपयोग करने का आह्वान किया।
युवा शक्ति को जागृत करने का आह्वान
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय युवा अध्यक्ष जितेंद्र सोनी ने कहा कि प्रदेशभर के युवा व्यापारी संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने सभी युवा साथियों से अपने-अपने जिलों में वरिष्ठ व्यापारियों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा प्रशिक्षण शिविर में मिली सीख को व्यवहार में उतारने का आह्वान किया।
स्वदेशी अपनाएं, देश की अर्थव्यवस्था मजबूत बनाएं
द्वितीय सत्र में स्वदेशी जागरण मंच के सह-संगठक सतीश कुमार ने स्वदेशी उत्पादों के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अनजाने में लोग विदेशी कंपनियों के उत्पादों का उपयोग करते हैं, जिससे भारतीय उद्योग और व्यापार प्रभावित होता है। उन्होंने दैनिक जीवन में स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देकर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की अपील की।
नए कारोबार से बढ़ती है सफलता की संभावना
तृतीय सत्र में उत्तर प्रदेश के प्रमुख उद्यमी और बरेली के उद्योग जगत की पहचान घनश्याम खंडेलवाल ने कहा कि जैसे-जैसे परिवार का विस्तार होता है, व्यापार को भी विस्तार देने की आवश्यकता होती है। उन्होंने सुझाव दिया कि पारंपरिक व्यवसाय के साथ-साथ नए क्षेत्रों में भी निवेश और उद्यम शुरू किए जाएं, जिससे पारिवारिक प्रतिस्पर्धा कम होगी और नए व्यवसायों को नई ऊर्जा मिलेगी।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि इस प्रशिक्षण शिविर से जो अनुभव, ज्ञान और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है, उसे प्रदेशभर के व्यापारी अपने-अपने जिलों में पहुंचाएंगे। इससे संगठन और व्यापारिक समुदाय दोनों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।